Move to Jagran APP

लुधियाना में विधायक सिमरजीत बैंस पर फिर लगे दुष्कर्म के आरोप, पीड़िता ने ईमेल कर पुलिस कमिश्नर को भेजी शिकायत

लुधियाना में लोक इंसाफ पार्टी प्रमुख व लुधियाना के हलका आत्मनगर से विधायक सिमरजीत सिह बैंस पर एक बार फिर दुष्कर्म का आरोप लगा है। महिला ने विधायक पर पिछले पांच साल के दौरान अपने दफ्तर व फार्म हाउस पर शारीरिक व मानसिक रूप से शोषण का आरोप लगाया है।

By Vinay KumarEdited By: Published: Fri, 11 Jun 2021 08:49 AM (IST)Updated: Fri, 11 Jun 2021 08:49 AM (IST)
लुधियाना में महिला ने विधायक सिमरजीत बैंस के खिलाफ दुष्कर्म की आरोप लगाया है।

लुधियाना, जेएनएन। लुधियाना में लोक इंसाफ पार्टी के प्रमुख व लुधियाना के हलका आत्मनगर से विधायक सिमरजीत सिह बैंस पर एक बार फिर दुष्कर्म का आरोप लगा है। एक महिला ने पुलिस कमिश्नर राकेश अग्रवाल को ईमेल से शिकायत भेजी है। शिकायत जांच के लिए थाना शिमलापुरी को भेजी गई है। महिला ने विधायक बैंस पर पिछले पांच साल के दौरान कोट मंगल सिंह स्थित अपने दफ्तर व फार्म हाउस पर शारीरिक व मानसिक रूप से शोषण का आरोप लगाया है। आशंका जताई है कि अगर उसकी पहचान जाहिर हो गई तो उसकी जान को भी खतरा हो सकता है। वहीं, अपने दफ्तर में मीडिया से बातचीत में विधायक बैंस ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने इसे विरोधियों की साजिश बताया है। पहले लगे आरोपों और नए मामले के पीछे राजनीतिक विरोधियों का हाथ है। अब पानी सिर के ऊपर से निकल गया है। वह डीजीपी के पास जाकर आरोपितों के खिलाफ सुबूत देंगे। गौरतलब है कि इससे पहले भी बैंस के खिलाफ एक अन्य महिला ने दुष्कर्म का कथित आरोप लगाया था। इस मामले में हाई कोर्ट में याचिका लगाई गई थी। वह पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर लगातार धरना भी दे रही है। उसके समर्थन में अकाली दल के नेता हरीश राय ढांडा और अन्य नेता भी उतरे हैं।

loksabha election banner

आरोप लगाकर नहीं जीते जाते चुनाव : बैंस

विधायक बैंस ने कांग्रेस के एक स्थानीय नेता को घेरते हुए कहा कि आरोप लगाकर चुनाव नहीं जीते जाते। उन्होंने कांग्रेस के साथ गठबंधन से इंकार कर दिया है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ हाई कोर्ट में सिटी सेंटर घोटाले की लड़ाई लड़ रहे हैं। यह सब राजनीतिक साजिश है। उन्होंने कहा कि उनके दफ्तर में बहुत लोग दुख तकलीफ के साथ आते हैं। वह सबकी मदद करते हैं। पार्टी के लीगल विंग के प्रधान मनवीर सिंघल ने कहा कि वे महिला के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। उसके पास कोई सुबूत नहीं है।

घटिया सियासत में विश्वास नहीं रखता : कड़वल

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कंवलजीत सिंह कड़वल ने विधायक बैंस को जवाब दिया कि उन्होंने कभी घटिया सियासत का सहारा नहीं लिया है। उनके पास बैंस के खिलाफ कई सुबूत हैं। वह जब चाहें लोगों के सामने उन्हें रख सकते हैं। लेकिन वह ऐसी सियासत में विश्वास नहीं रखते हैं। कड़वल ने कहा कि वह महिला उनके पास मदद के लिए आई थी। उन्होंने उसे बैंस के खिलाफ नहीं भेजा है। इस मामले के संबंध में और भी महिलाएं सामने आ रही हैं। इसमें मेरा कोई लेनादेना नहीं है। अगर उनके खिलाफ बयानबाजी की गई तो आने वाले समय में और भी कई मामले उजागर करूंगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.