भैणी साहिब के वृद्ध आश्रम में दादी संग रहती नाबालिग के साथ दुष्कर्म Ludhiana News
भैणी साहिब गांव के वृद्ध आश्रम में दादी के साथ रह रही नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीडता को दोराहा के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
जासं, लुधियाना। भैणी साहिब गांव के वृद्ध आश्रम में दादी के साथ रह रही नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता को दोराहा के अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जीरो एफआइआर के बाद कूमकलां थाने में भी मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता के माता-पिता का तलाक हो चुका है और वह कभी हरियाणा तो कभी पंजाब में रहती है।
पुलिस को दिए बयान में नाबालिग ने बताया कि वह हरियाणा की रहने वाली है। वहां वह सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा में पढ़ती थी। स्कूल में टीचर उसे परेशान करता था। कई बार उसने छेड़छाड़ भी की। विरोध करने पर दुष्कर्म की धमकी देता था। प्रिंसिपल को शिकायत देने के बाद टीचर को स्कूल से निकाल दिया गया था, मगर दो माह बाद वह दोबारा स्कूल आया तो उसे मजबूरन स्कूल छोडऩा पड़ा। उसके माता-पिता का 2008 में तलाक हो गया था। उसकी मां उसे बैंकॉक ले गई थी, मगर कुछ ही समय बाद उसे दोबारा हरियाणा छोड़ गई। इसके बाद वह अपनी दादी के साथ चंडीगढ़ रोड स्थित गांव भैणी साहिब के वृद्ध आश्रम में आ गई थी।
यहां उसकी पहचान दिल्ली कॉलोनी निवासी मान सिंह और गुरचरण सिंह के साथ हुई थी। वह उनके साथ आश्रम की ही एक महिला के मोबाइल से बात करती थी। एक दिन गुरचरण उसे अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। अगली रात मान सिंह ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। इससे वह मानसिक तौर पर परेशान हो गई थी। फिर उसे दोराहा के अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। अस्पताल प्रबंधन ने हरियाणा पुलिस को सूचित किया था। इसके बाद वहां से आईं एएसआइ मधु बाला ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद केस दर्ज कर लिया। आश्रम में बेहद कड़ी सुरक्षा है और यहां पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। फिर भी पीडि़ता का दूसरी जगह चले जाना और उसके साथ दुष्कर्म होना कई सवाल खड़े करता है। यही नहीं वुमेन सेल की ओर से युवती से 2015 में हुई छेड़छाड़ का मामला तीन साल बाद 2018 में दर्ज किया गया है।
पीड़िता मानसिक तौर पर है परेशान
पीड़िता को कुछ समय पहले ही वृद्धाश्रम लाया गया था। वह पहले से ही मानसिक परेशान है, इसलिए उसे अस्पताल में दाखिल करवाया गया। उसके इलाज पर आश्रम की तरफ से ही खर्च किया जा रहा है। उसने जो आरोप लगाए हैं, उसकी पुलिस जांच कर रही है। आश्रम में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस जांच कर सकती है।
-आशा सिंह, सेवादार, वृद्ध आश्रम।
मामला गंभीर है, आश्रम में भी होगी जांच: एएसआइ
नाबालिग की ओर से लगाए गए आरोप काफी गंभीर हैं। जीरो एफआइआर के बाद थाना कूमकलां में मामला दर्ज किया गया है। हम युवती के बयान दोबारा दर्ज करेंगे। आश्रम के सीसीटीवी कैमरे भी चेक करेंगे, ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके। बच्ची दिमागी तौर पर परेशान है और उसका इसीलिए अस्पताल से इलाज करवाया जा रहा है।
-साहिब कुमार, थाना कूमकलां, एएसआइ।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें