अॉटो चालक व उसके साथी ने होटल में ले जाकर किया नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म
गलती से अमृतसर पहुंची लुधियाना की नाबालिग लड़की से अॉटो चालक व उसका दोस्त रातभर सामूहिक दुष्कर्म करता रहा।
जेएनएन, लुधियाना। घर से दिल्ली में रहने वाले दोस्त से मिलने के लिए निकली नाबालिग लड़की गलती से पहले फिरोजपुर और फिर अमृतसर पहुंच गई। इसी दौरान एक अॉटो चालक ने उसे बताया कि अब उसे दिल्ली की ट्रेन अगले दिन मिलेगी। वह रात को उसे यहीं ठहरा देगा। लड़की उसके झांसे में आ गई। इसके बाद अॉटो चालक व उसका दोस्त लड़की से रातभर सामूहिक दुष्कर्म करते रहे। थाना डिवीजन नंबर चार के ASI शेर सिंह ने बताया पुलिस ने दोनों के खिलाफ दुष्कर्म व पॉस्को एक्ट के तहत केस दर्ज करके पड़ताल शुरू कर दी है।
किला मोहल्ला की डिस्को कॉलोनी निवासी 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के मुताबिक एक साल पहले उसकी दोस्ती दिल्ली निवासी युवक साहिल से हुई थी। गत 3 फरवरी को वह दोस्त से मिलने के लिए घर से निकली। वह घर से सीधे रेलवे स्टेशन पहुंची। गलत ट्रेन में बैठने के कारण वह फिरोजपुर पहुंच गई। वहां से भी गलत बस में बैठने के कारण वह अमृतसर पहुंच गई।
अमृतसर बस अड्डे पर उसे साहब नाम का ऑटो चालक मिला। साहब ने उसे बताया कि आज दिल्ली के लिए कोई ट्रेन नहीं है। वह आज उसके पास ही रुक जाए। अगले दिन सुबह ही वो उसे दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठा देगा। उसकी बातों में आई नाबालिगा उसके साथ चली गई। मगर वो उसे अपने घर ले जाने के बजाय एक होटल में ले गया। बाबा नाम का उसका साथी भी वहां आ गया। जहां साहिब व बाबा ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। अगली सुबह दोनों उसे लुधियाना की बस में बैठा कर चले गए।
पुलिस ने दर्ज की जीरो FIR
SHO सुरिंदर चोपड़ा ने कहा कि नाबालिगा की कहानी में कई सवाल तो हैं, मगर उसने जो बयान दर्ज कराया, उसके हिसाब से केस दर्ज कर लिया गया है। उसके साथ दुष्कर्म अमृतसर में हुआ। घर पहुंचने के बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसमें जीरो एफआइआर दर्ज की गई है। जिसे जांच के लिए अब अमृतसर पुलिस को सौंप दिया जाएगा। आरोपियों की तलाश और उनके खिलाफ कार्रवाई अब अमृतसर पुलिस ही करेगी।