बुढ्डा दरिया में कूड़ा फेंकने वाले लोगों को पकड़ेगी टीम, होगी कानूनी कार्रवाई Ludhiana News
अब दरिया के किनारे कूड़ा गिराने वालों पर नजर रखने के लिए नगर निगम और श्री भैणी साहिब दरबार की टीम पेट्रोलिंग करेगी। वह इन सभी प्वाइंट्स पर कूड़ा गिराने वालों को पकड़ेगी।
लुधियाना, जेएनएन। बुड्ढा दरिया को गंदा करने में किसी ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी। शहर के आम निवासी हों या फिर उद्यमी। यही नहीं अफसरों से लेकर नेताओं तक सभी किसी न किसी तरह दरिया को गंदा कर रहे हैं। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने सख्ती की तो अब नगर निगम, पीपीसीबी से लेकर पंजाब सरकार तक दरिया को साफ करवाने के लिए कई कदम उठाने लगे हैं।
पंजाब सरकार की तरफ से गठित की गई टास्क फोर्स ने अब दरिया में कूड़ा फेंकने वालों पर सख्ती करने के आदेश दिए तो नगर निगम ने दरिया के किनारे वह प्वाइंट डिटेक्ट करने शुरू कर दिए। जहां से दरिया में सॉलिड वेस्ट फेंका जा रहा है। जीटी रोड से लेकर हैबोवाल तक करीब एक दर्जन जगहों पर लोग दरिया में कूड़ा फेंकते हैं। अब दरिया के किनारे कूड़ा गिराने वालों पर नजर रखने के लिए नगर निगम और श्री भैणी साहिब दरबार की टीम पेट्रोलिंग करेगी। वह इन सभी प्वाइंट्स पर कूड़ा गिराने वालों को पकड़ेगी।
दरिया में कूड़ा न गिरे इसके लिए निगम ने पुलियों के पास जालियां भी लगवा दी थी। इसके बावजूद लोग अभी भी वहां कूड़ा फेंक रहे हैं। नगर निगम अब इन सभी प्वाइंट्स पर पेट्रो¨लग करवाएगा और जो कूड़ा फेंकते हुए पकड़े जाएंगे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दरिया के इन प्वाइटों पर गिराया जाता है कूड़ा बुड्ढा दरिया के किनारे जीटी रोड के पास कुछ झुग्गियां बनी हैं। यहां झुग्गी वाले गंदा पानी तो गिराते ही हैं साथ वह कूड़ा भी दरिया में फेंक देते हैं।
इसके बाद कश्मीर नगर के पास, किरपाल नगर, न्यू माधोपुरी, माधोपुरी पुली, बाजवा नगर पुली, शिवपुरी, बिंद्रा कॉलोनी के पास, जीटी रोड के पास लगने वाली मंडी का कूड़ा, न्यू कुंदनपुरी, चंद्र नगर पुली, हैबोवाल पुली समेत अन्य कई जगहों पर लोग कूड़ा दरिया में फेंक देते हैं। इसके अलावा माधोपुरी, बाजवा नगर व शिवपुरी के पास की फैक्ट्रियों का वेस्ट भी दरिया में गिराया जा रहा है।
नगर के जोनल कमिश्नर और हेल्थ ब्रांच के इंचार्ज नीरज जैन का कहना है कि शहर के बीच वाले हिस्से में लोग काफी मात्रा में कूड़ा दरिया के किनारे फेंक देते हैं जो बाद में दरिया में आ जाता है। हमने कुछ प्वाइंट डिटेक्ट कर लिए हैं और अब श्री भैणी साहिब दरबार के वॉलंटियर्स व निगम कर्मी दरिया के किनारे पेट्रोलिंग शुरू करने वाले हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप