Jagran Impact : फील्ड में उतरी निगम की टीमें, पानी की बर्बादी करने पर 200 से अधिक चालान Ludhiana News
निगम कर्मियों ने पानी बर्बादी करने वालों पर सख्ती बरतनी शुरू की है।
राजेश भट्ट, लुधियाना। कैबिनेट मंत्री, विधायक, मेयर समेत तमाम जनप्रतिनिधि दैनिक जागरण की घंटी बजाओ पानी बचाओ मुहिम से जुड़े। नतीजा यह हुआ कि पंजाब सरकार को पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश जारी करने पड़े। आदेश जारी होने के पांच दिनों में निगम कर्मियों ने पानी बर्बादी करने वालों पर सख्ती बरतनी शुरू की। वहीं मेयर बलकार सिंह संधू ने भी अब अफसरों को हिदायतें जारी कर दी हैं कि पानी बर्बाद करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाए। यही नहीं उन्होंने ओएंडएम सेल के अफसरों को भी फील्ड में उतरकर पानी की बर्बादी रोकने की हिदायत दी है।
पंजाब सरकार के स्थानीय निकाय विभाग ने 27 जून को सभी नगर निगमों के कमिश्नरों को आदेश जारी कर पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। तब से अब तक नगर निगम की टीमें चारों जोनों में पानी बर्बादी के 200 से अधिक चालान कर चुके हैं। अफसरों की मानें तो अगले दिनों में ज्यादा चालान किए जाएंगे। जोन ए में 10 व जोन डी में 100 से अधिक चालान हो चुके हैं। जबकि जोन बी में 60 व जोन सी में 30 के करीब चालान काटे गए हैं। सबसे ज्यादा चालान जोन डी में किए गए हैं क्योंकि जोन डी में ही कार धोने में सबसे ज्यादा पानी की बर्बादी की जा रही है। अब मेयर बलकार सिंह संधू ने भी अफसरों को पानी की बर्बादी रोकने के आदेश दिए हैं जिससे साफ है कि अफसर अगले दिनों में कार्रवाई में तेजी लाएंगे।
सेनेटरी इंस्पेक्टरों की अगुवाई में बनाई गई हैं टीमें
नगर निगम ने हर ब्लॉक में सेनेटरी इंस्पेक्टरों के नेतृत्व में पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए टीमों का गठन किया है। ये टीमें सुबह छह बजे से अलग-अलग इलाकों में जाकर पानी की बर्बादी करने वालों के चालान कर रही हैं। अब तक जो चालान किए गए हैं उसमें से सबसे ज्यादा चालान कार धोने वालों के हैं। इसके जोन डी में ही सबसे ज्यादा चालान किए गए हैं। ओएंडएम सेल के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर रविंदर गर्ग ने बताया कि टीमें अब रोज चालान कर रही हैं। पहले फेज में चालान के साथ लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
अपील : पार्षद भी करवाएं पानी बर्बाद करने वालों के चालान
पानी की बर्बादी रोकने के लिए अब पार्षद भी आगे आए हैं। पार्षद भी निगम अफसरों के साथ जाकर पानी की बर्बादी के चालान करवा रहे हैं। वार्ड नंबर 18 के पार्षद वनीत भाटिया और वार्ड नंबर 22 के पार्षद राजकुमार ने बताया कि वह अपने इलाके में निगम कर्मियों के साथ मिलकर पानी बर्बाद करने वालों के चालान करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों को चाहिए कि वह पानी बचाने के लिए आगे आएं और बर्बाद करने वालों के चालान करवाएं। निगम के कई पार्को में अब भी हो रही पानी की बर्बाद बेशक निगम ने कार्रवाई शुरू कर दी, पर अब भी नगर निगम के कई पार्क ऐसे हैं जहां पर पानी की काफी बर्बादी हो रही है। रोज गार्डन, सेक्टर 32 के पार्क समेत कई पार्को में पानी की लीकेज हो रही है। इसके अलावा लोग अभी भी पाइप लगाकर गाड़ियां धो रहे हैं। इस सब के बीच यह है कि कई लोग अब सुबह मार्निग वॉक के वक्त लोगों को पानी की बर्बादी न करने को कह रहे हैं।
पानी की बर्बादी रोकने के लिए टीमों का गठन किया गया है जो कि रोजाना सुबह जाकर चालान कर रही हैं। अफसरों को दोबारा निर्देश जारी कर दिए हैं कि पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ सख्ती से पेश आया जाए और उनके चालान किए जाएं। -बलकार सिंह संधू, मेयर लुधियाना
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें