ब्यूटी पार्लर से घर लौट रहीं ननद और भाभी पर नकाबपोश बदमाशों ने राड से किया हमला
खन्ना अनाज मंडी के पास दो अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने ननद और भाभी पर राड से हमला कर दिया। दोनों को काफी गंभीर चोटें आई हैं
जेएनएन, खन्ना। खन्ना अनाज मंडी के पास दो अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने ननद और भाभी पर राड से हमला कर दिया। दोनों को काफी गंभीर चोटें आई हैं जिन्हें एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया। दोनों के सिर पर गहरी चोट है और टांके लगे हैं। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। जानकारी के अनुसार साक्षी ( 29) पत्नी रिंकू निवासी खालसा स्कूल रोड खन्ना ननद नैंसी (27) पुत्री सुशील कुमार के साथ स्थानीय गुलमोहर नगर रोड पर ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। शनिवार रात करीब पौने आठ बजे जब वे दोनों ब्यूटी पार्लर बंद कर एक्टिवा पर घर को वापस आ रही थी। जैसे ही वे स्थानीय अनाज मंडी के पास स्थित वेयर हाउस गोदामों के पास पहुंची तो वहां पर पहले ही मौजूद दो व्यक्तियों में से एक व्यक्ति जिसने कपड़े के साथ अपना मुंह ढका हुआ था उन्हें जबरदस्ती रोकते हुए उन पर लोहे की रॉड से हमला बोल दिया। इस हमले में दोनों महिलाएं गंभीर घायल हो गई।
दोनों महिलाओं द्वारा शोर मचाने पर लोगों को आता देख हमलावर अपने दूसरे साथी जो मोटरसाइकिल को स्टार्ट कर खड़ा हुआ था के साथ मोटरसाइकिल पर वहां से भाग गए। वहां मौजूद लोगों द्वारा उन्हें तुरंत उपचार के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां दोनों उपचाराधीन है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों पीड़ित महिलाओं के बयान कलमबद्ध करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। हमलावरों के संबंध में कोई सूचना नहीं मिली थी। नैंसी के सिर पर 10 और आंख पर 6 टांके आए हैं वही साक्षी के सिर पर भी टांके लगे हैं।