पंजाब चुनाव 2022: संयुक्त समाज मोर्चा में टिकटों की घोषणा पर फंस रहा पेंच, प्रत्याशियों की घोषणा दूसरी बार टली
पंजाब में किसानाें की राजनीतिक पार्टी संयुक्त किसान माेर्चा में टिकट बंटवारे काे लेकर मतभेद गहरा गए हैं। सूत्र बताते हैं कि अभी करीब 10-12 सीटों पर मतभेद पैदा हो रहे हैं। इसके चलते उम्मीदवाराें की दूसरी सूची जारी हाेने में बिलंब हाे सकता है।
मुनीश शर्मा, लुधियाना। किसान आंदोलन में एकजुट रहकर मोर्चा फतेह करने वाले किसानों के राजनीतिक संगठन संयुक्त समाज मोर्चा को राजनीतिक पटरी पर रफ्तार पकड़ने में संघर्ष का सामना करना पड़ रहा है। मोर्चे में सीटों के बंटवारे को लेकर परेशानियां बढ़ गई है। दो बार सीटों की घोषणा करने के बावजूद मौके पर सीटों की घोषणा रोक देने से टिकटाें का पेंच फंस गया है। इसकी वजह पार्टी के प्रवक्ता आवेदन अधिक आना बता रहे हैं। हालांकि सूत्रों की मानें तो कई संगठन एक साथ होने के चलते टिकटों को लेकर भी जोर अजमाइश चल रही है। इसी के चलते 14 जनवरी को जहां टिकटों की घोषणा को स्थगित कर दिया गया था, वहीं अब रविवार को बुलाई गई बैठक के बाद भी घोषणा को रोक दिया गया है।
रविवार को बुलाई गई बैठक के बाद 40 से 45 प्रत्याशियों की सूची जारी की जानी थी, लेकिन बलबीर सिंह राजेवाल की अध्यक्षता में कई घंटों तक चली बैठक के बाद भी इसका कोई फैसला नहीं हो सका। ऐसे में पंजाब भर से कई शहरों से आए दावेदारों को दूसरी बार खाली हाथ लौटना पड़ा। लुधियाना के ग्रीन फील्ड स्थित संयुक्त समाज मोर्चा के कार्यालय में रविवार सुबह से ही बलबीर सिंह राजेवाल ने किसान संगठनों के साथ-साथ पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। शाम साढ़े चार बजे सीटें घोषित करने को बकायदा प्रेसवार्ता रखी गई, लेकिन अंतिम समय तक सीटों के बंटवारे को लेकर आम सहमति नहीं बन सकी।
सूत्र बताते हैं कि अभी करीब 10-12 सीटों पर आपसी मतभेद पैदा हो रहे हैं और इनका हल न निकलने तक सीटों की घोषणा को रोक दिया गया है। अब देखने योग्य होगा कि सीटों पर कब तक आम सहमति बनती है और सीटों की घोषणा की जाती है।
किसान नेता जंगवीर सिंह ने कहा कि 1300 से अधिक आवेदन आए हैं और इसमें से प्रत्याशियों के नामों पर चयन के लिए पूर्ण मंथन किया जा रहा है। इसमें सारे मापदंड पूरा करने वाले प्रत्याशियों को ही टिकट दिए जाएंगे। आने वाले एक दो दिनों में सूचि जारी कर दी जाएगी।