लुधियाना में स्टेट लेवल खेलने जाने से पहले 14 वर्षीय हैंडबाल खिलाड़ी की मौत, ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुआ हादसा
लुधियाना में 14 वर्षीय हैंडबाल खिलाड़ी अंशिका की ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से मौत हो गई। वह स्टेट लेवल ...और पढ़ें

स्टेट लेवल मैच खेलने बठिंडा जाने वाली 14 वर्षीय अंशिका।
HighLights
14 वर्षीय हैंडबाल खिलाड़ी अंशिका की लुधियाना में मौत
ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से हुआ दर्दनाक हादसा
स्टेट लेवल मैच खेलने जाने से एक दिन पहले घटना
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना के जस्सियां रोड इलाके में सोमवार शाम हुए सड़क हादसे में 14 वर्षीय उभरती हुई हैंडबाल खिलाड़ी अंशिका गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
लोगों ने गंभीर हालत में बच्ची को डीएमसी अस्पताल पहुंचाया, यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी। चौकी जगतपुरी की पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी जगतपुरी इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने कहा कि अभी मामले की जांच कर रहे हैं।
परिवार के बयान लेने के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की पड़ताल की जा रही है। पुलिस ट्रैक्टर-ट्राली और चालक दोनों को हिरासत में ले लिया है।
नौंवी कक्षा की छात्रा थी अंशिका
जानकारी के मुताबिक अंशिका एल्पाइन स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा थी और वहीं पर हैंडबाल की प्रैक्टिस भी करती थी। सोमवार शाम करीब चार बजे वह अपने परिवारिक सदस्य के साथ एक्टिवा पर स्कूल में प्रैक्टिस के लिए जा रही थी।
जस्सियां रोड पर पहुंचने के दौरान ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली को क्रास करते हुए एक्टिवा पर पीछे बैठी अंशिका अचानक एक्टिवा से नीचे गिर गई। इस दौरान ट्राली का टायर उसके ऊपर से निकल गया। जिससे बाद अंशिका खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के तुरंत बाद अंशिका को गंभीर हालत में डीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया। डाक्टरों ने उसे बचाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
स्टेट लैवल खेलने के लिए मंगलवार को जाना था बठिंडा
अंशिका के पिता अमित राय प्रिंटिंग प्रेस में काम करते हैं, जबकि उसकी मां हाउसवाइफ हैं। परिवार में अंशिका का 13 वर्षीय भाई भी है, जो उसके साथ नौवीं कक्षा में पढ़ता है। अंशिका के परिवार को उम्मीद थी कि वह हैंडबाल स्टेट लेवल पर शानदार प्रदर्शन कर परिवार और स्कूल का नाम रोशन करेगी।
मंगलवार को उसे बठिंडा में होने वाले मैच के लिए रवाना होना था, लेकिन उससे एक दिन पहले हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
बिना नंबर प्लेट और जुगाड़ू हालत में थी ट्रैक्टर-ट्राली
हादसे के बाद लोगों ने ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्राली चालक को घेर लिया। उसे पकड़कर पीटा गया और फिर पुलिस के हवाले कर दिया गया। ट्रैक्टर-ट्राली खस्ता हालात में थी।
उसके न आगे नंबर प्लेट थी और न ही पीछे। वो किसी जुगाड़ू वाहन की तरह लग रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जब हादसा हुआ तो चालक की ब्रेक तक नहीं लगी। हालांकि पुलिस इन सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
