प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी आग
भगवान चौक स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री में रविवार देर रात अचानक आग लग गई।
जासं, लुधियाना
भगवान चौक स्थित प्लास्टिक फैक्ट्री में रविवार देर रात अचानक आग लग गई। रविवार का दिन होने के कारण फैक्ट्री बंद थी। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फैक्ट्री मालिक और फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। छुट्टी होने के कारण आग से कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन फैक्ट्री में रखा काफी सामान जल कर राख हो गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया। फिलहाल नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। आग की सूचना मिलते ही थाना शिमलापुरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के मुताबिक भगवान चौक के नजदीक गली में बनी लक्की प्लास्टिक फैक्ट्री में रविवार रात साढ़े आठ बजे के करीब धुआं निकलता देख वहां मौजूद लोगों ने फैक्ट्री मालिक और फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। फायर कर्मी तुरंत आग पर काबू पाने में जुट गए। इसी दौरान फैक्ट्री मालिक रंजीत सिंह भी वहां पहुंच गया। आग के चलते फैक्ट्री की छत पर बनी शेड की लोहे की चादरें गिर गईं। फैक्ट्री मालिक रंजीत के अनुसार रविवार का दिन होने के कारण फैक्ट्री में छुट्टी थी। इसलिए फैक्ट्री में कोई वर्कर मौजूद नहीं था। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर कर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग से फैक्ट्री में पड़ा काफी सामान जल कर राख हो गया।