लुधियाना पुलिस की कारगुजारी पर सवाल, शोरूम में चोरी के छह दिन बाद दर्ज किया आपराधिक मामला
लुधियाना पुलिस हमेशा चर्चा में रहती है। जांच का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वारदात के कई दिनाें बाद भी आपराधिक मामला दर्ज करने में अानाकानी की जाती है।
लुधियाना, जेएनएन। पुलिस की कारगुजारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चोरी के छह दिन बाद आपराधिक मामला दर्ज किया गया। अब चोर कब पकड़े जाएंगे इसका अंदाजा खुद ही लगाया जा सकता है। बता दें कि अशोक विरमानी निवासी भगवान दास कालोनी ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया था कि उसका मेन बाजार नानक नगर में फर्नीचर के सामान का शोरूम है।
16 जुलाई की रात को चोर उसके शोरूम के शटर को तोड़कर उसमें से छोटा हाथी, दो सैट गद्दे, दो डरेसिंग टैबल, दो सेंटरल टेबल, एक एलईडी, कूलर, दो इनवरटर, सोफे के कपड़े और तीन प्रेस चोरी कर ले गए हैं। बाद में उसका छोटा हाथी सब्जी मंडी में से मिल गया था। पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था।
इसके बावजूद पुलिस ने उसकी चोरी का आपराधिक मामला अब जाकर दर्ज किया है। जांच अधिकारी एएसआई हरभजन सिंह के अनुसार दुकानदार द्वारा सामान की जानकारी देने के बाद ही आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। हमारे पास कुछ सुराग लगे हैं और हम जल्द ही चोरों को भी पकड़ लेंगे।
अस्पताल गई युवती लापता
घर से काम के लिए अस्पताल गई युवती संदिग्ध हालात में लापता हो गई। थाना हैबोवाल पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू की है। हैबोवाल कलां के केहर सिंह नगर के साहिल बावा ने बताया, बहन तूर अस्पताल में काम करती है। 20 जुलाई सुबह 8.30 बजे घर से काम के लिए चली गई। दोपहर छुट्टी को जब उसे लेने अस्पताल पहुंचा तो वह वहां नहीं थी।