लुधियाना में गोदाम का वेल्डर साथी समेत करता था स्क्रैप चोरी, सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पकड़ा गया
मनिंदर ने बताया कि फोकल प्वाइंट में रेगुलर ट्रेडर्स के नाम से उसका गोदाम है। इसमें वह विदेश से स्क्रैप इंपोर्ट करते हैं। पिछले लंबे समय से उनके गोदाम में पड़ी स्क्रैप चोरी हो रही थी। सीसीटीवी कैमरे में उनके यहां काम करने वाला वेल्डर ही चोर निकला।
लुधियाना, जेएनएन। स्क्रेप के गोदाम में काम करने वाला वेल्डर अपने साथी के साथ लंबे समय से वहां चोरी करता आ रहा था। उसका भांडा तब फूटा जब वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में उसकी करतूत कैद हो गई। अब थाना मोती नगर पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एएसआइ राज कुमार ने बताया कि आरोपितों की पहचान विश्वकर्मा कॉलोनी की गली नंबर 10 में रहने वाले विनोद वर्मा तथा हीरा नगर निवासी अर्जुन बिका के रूप में हुई है। पुलिस ने काली सड़क के न्यू दीप नगर में रहने वाले मनिंदर कुमार की शिकायत पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। मनिंदर ने बताया कि फोकल प्वाइंट में रेगुलर ट्रेडर्स के नाम से उसका गोदाम है। इसमें वह विदेश से स्क्रैप इंपोर्ट करते हैं। पिछले लंबे समय से उनके गोदाम में पड़ी स्क्रैप चोरी हो रही थी और चोरी करने वाले का कोई सुराग नहीं लग रहा था। हर रात गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे या तो टूटे हुए मिलते या उनकी डायरेक्शन बदली हुई होती थी।
छिपे सीसीटीवी कैमरे से फूटा भांडा
इस कारण उन्होंने गोदाम में गोपनीय जगह पर कैमरे फिट करवा दिए। 14-15 फरवरी की रात उनके गोदाम मैं पड़ा स्क्रैप फिर चोरी हुआ। अगली सुबह जब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की गई तो उसमें विनोद को चोरी करते देख उनके होश उड़ गए। उस समय भी विनोद उनके गोदाम में बैठा वेल्डिंग कर रहा था। पुलिस ने मौके पर ही उसे काबू कर लिया गया। उसकी निशानदेही पर उसके साथी अर्जुन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
मनिंदर ने कहा कि दोनों लंबे समय से उनके गोदाम में चोरी करते आ रहे थे। इसलिए अभी यह बताना मुश्किल है कि वह लोग कितना स्क्रैप चोरी कर चुके हैं। एएसआइ राजकुमार ने कहा के दोनों से की जा रही पूछताछ में पता लगाया जाएगा कि वह लोग चोरी का स्क्रैप किसको बेचते थे।