रातभर धरने पर बैठा रहा निहंग सिंह, समर्थन में आए अकाली
नगर निगम तहबाजारी विंग की तरफ से जब्त की गई रेहड़ी को छुड़वाने के लिए निहंग सिंह रातभर निगम कार्यालय जोन डी के बाहर धरने पर बैठा रहा।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : नगर निगम तहबाजारी विंग की तरफ से जब्त की गई रेहड़ी को छुड़वाने के लिए निहंग सिंह रातभर निगम कार्यालय जोन डी के बाहर धरने पर बैठा रहा। शनिवार सुबह जैसे ही अकाली नेताओं को इसकी सूचना मिली तो मीतपाल सिंह दुगरी अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और निहंग सिंह के साथ धरने पर बैठ गए। इसी बीच निगम कमिश्नर केपी बराड़ अफसरों के साथ मीटिंग करने के लिए दफ्तर पहुंचीं तो अकाली नेताओं ने निगम दफ्तर में घुसने की कोशिश की, लेकिन पुलिस कर्मियों ने उन्हें रोक लिया। बाद में निहंग सिंह और उसके कुछ समर्थकों की कमिश्नर व तहबाजारी इंचार्ज जोनल कमिश्नर जसदेव सिंह सेखों के साथ बैठक हुई। बैठक के बाद निहंग सिंह ने अपना धरना खत्म कर लिया। वहीं निगम अफसरों ने साफ कर दिया कि सोमवार को जुर्माना राशि लेकर ही रेहड़ी को छोड़ा जाएगा।
नगर निगम ने मॉडल टाउन एक्सटेंशन से निहंग सिंह की रेहड़ी उठाई थी। निगम अफसरों का तर्क है कि रेहड़ी की वजह से वहां पर ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो रही थी। बार-बार कहे जाने के बाद भी उसने रेहड़ी नहीं हटाई तो तहबाजारी टीम ने रेहड़ी को उठा लिया, जिसके विरोध में शुक्रवार को निहंग सिंह जोन डी के बाहर धरने पर बैठ गया था। वह पूरी रात भी वहीं धरने पर बैठा रहा। शनिवार सुबह अकाली नेताओं ने आकर निगम अफसरों के खिलाफ नारेबाजी भी की। उसके बाद उन्होंने निगम कमिश्नर दफ्तर में घुसने की कोशिश की तो पुलिस कर्मियों के साथ उनकी धक्का मुक्की भी हुई। जोनल कमिश्नर जसदेव सिंह सेखों ने बताया कि शनिवार को छुट्टी होने की वजह से चालान नहीं भरा जा सका। सोमवार को जुर्माना लेकर रेहड़ी दे दी जाएगी। उन्होंने बताया कि निहंग सिंह को कह दिया गया है कि अगर फिर से ट्रैफिक को रोका गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।