नशे में धुत होकर कर दी थी पिटाई, कोर्ट ने सुनाई दो साल की सजा
शराब के नशे में बसंत पुरा निवासी कृष्णा शाह पर हमला कर उसे घायल करने के आरोप में ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी जोगिंदर कुमार को 2 वर्ष कैद की सजा सुनाई है।
जासं, लुधियाना : जुडिशियल मजिस्ट्रेट रवनीत सिंह की अदालत ने शराब के नशे में बसंत पुरा निवासी कृष्णा शाह पर हमला कर उसे घायल करने के आरोप में ईडब्ल्यूएस कॉलोनी निवासी जोगिंदर कुमार को 2 वर्ष कैद की सजा सुनाई है। इसके अलावा अदालत ने आरोपित को 3 हजार रुपया जुर्माना भरने का भी आदेश दिया है। जानकारी के अनुसार आरोपित व पीड़ित दोनों ही गन्ने के रस बेचने का काम करते थे।
पुलिस को कृष्णा शाह ने बताया था कि वह बर्धवान मिल के पास गन्ने के रस की रेहड़ी लगाता है, जबकि जोगिंदर कुमार भी उसके समीप ही गन्ने के रस की रेहड़ी लगाता था। जोगिंदर कुमार उससे रंजिश रखता था, क्योंकि पुराना होने के कारण उसका काम काफी ज्यादा चलता था। इसी रंजिश के चलते हुए जोगिंदर कुमार ने शराब पीकर उस पर हमला कर घायल कर दिया। अदालत ने तमाम सबूतों व गवाहों के बयानों के मद्देनजर आरोपी को कसूरवार पाया तथा सजा सुनाई।