Single Use Plastic Ban: लुधियाना में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई, 39 दुकानदाराें के काटे चालान
Single Use Plastic Ban शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ निगम ने अभियान छेड़ दिया है। चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर अश्वनी सहोता ने बताया कि बुधवार को निगम की विभिन्न टीमों को मैदान में उतारा गया। आगे भी यह अभियान जारी रह सकता है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। Single Use Plastic Ban: नगर निगम ने सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को निगम की विभिन्न टीमों ने 31 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक को जब्त किया है। इस प्लास्टिक बैग का प्रयोग कर रहे 39 दुकानों के चालान भी किए है। निगम मुलाजिमों ने दुकानदारों को साफ कहा है कि सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करना बंद कर दें अन्यथा जिसके पास भी प्लास्टिक बैग मिलेंगे उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर अश्वनी सहोता ने बताया कि बुधवार को निगम की विभिन्न टीमों को मैदान में उतारा गया। जोन ए एरिया में जांच करते 11 किलो प्लास्टिक बैग जब्त किए गए है। निगम की तरफ से 16 दुकानदारों का चालान किया गया है, जिनके पास से प्लास्टिक बैग बरामद किए गए है। इसी तरह जोन बी एरिया में निगम टीम ने 13 दुकानों से 20 किलो प्लास्टिक कैरीबैग बरामद किए है। इन सभी दुकानों का चालान किया गया है। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ निगम का अभियान इसी क्रम में जारी रहेगा।
निगम कमिश्नर का आदेश सालेड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत करो चालान
लुधियाना। नगर निगम कमिश्नर शेना अग्रवाल ने सालेड वेस्ट मैनेजमेंट को सुचारू ढंग से लागू करने के लिए निगम अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के लिए कहा है। घरों से निकलने वाले कचरे को सेग्रिगेट करने के लिए कहा गया है, अगर कोई व्यक्ति निगम को सेग्रिगेट कचरा नहीं देता है। उसका भी चालान करने के लिए कहा गया है। इससे साफ है कि आने वाले दिनों में कचरे को लेकर निगम पूरी गंभीरता और सख्ती से कार्रवाई करने के मूड में है। बुधवार को बैठक में निगम कमिश्नर शेना अग्रवाल ने कहा कि शहर में जितने भी ब्लक कचरा जनरेटर है, उन पर पैनी नजर रखी जाए।
ब्लक जनरेटर से पूछा जाए कि वह कचरे का प्रबंधन कैसे कर रहे है। निगम अधिकारियों ने बताया कि अभी तक 25 ब्लक जनरेटर को नोटिस भेजा चुका है। इसमें अस्पताल और होटल शामिल है। जिनसे पूछा गया कि वह कचरे का प्रबंधन कैसे कर रहे है, अगर कोई प्रबंधन नहीं कर रहे तो तुरंत अपना प्लांट लगाए। शहर में सेकेंडरी पाइंट को साफ करने के लिए कांपेक्टर लगाने के काम में तेजी लाने के लिए कहा गया है। ताकी सड़क के आसपास किसी तरह का कचरा दिखाई न दे।