कूड़ा उठवाने को निगम अफसर रात तक डटे रहे सड़कों पर
ीपावली के आसपास शहर के सेकेंडरी कूड़ा डंपों पर जमा कूड़ा अभी तक खत्म ही नहीं हो रहा है। पर मेयर बलकार सिंह संधू ने कूड़ा लिफ्टिंग के लिए नगर निगम की हेल्थ ब्रांच के अफसरों की पूरी टीम सड़क पर उतार दी। अफसर देर रात तक कूड़ा लिफ्ट करवाने के लिए ड्यूटी दे रहे हैं।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : दीपावली के आसपास शहर के सेकेंडरी कूड़ा डंपों पर जमा कूड़ा अभी तक खत्म ही नहीं हो रहा है। पर मेयर बलकार सिंह संधू ने कूड़ा लिफ्टिंग के लिए नगर निगम की हेल्थ ब्रांच के अफसरों की पूरी टीम सड़क पर उतार दी। अफसर देर रात तक कूड़ा लिफ्ट करवाने के लिए ड्यूटी दे रहे हैं। जोन डी के हेल्थ ब्रांच के जो अफसर दफ्तर से कभी बाहर ही नहीं निकलते हैं, वो भी देर रात तक सड़कों पर घूम कर निगरानी कर रहे हैं। यही नहीं मेयर संधू खुद भी कूड़ा लिफ्टिंग का जायजा लेने के लिए मौके पर जा रहे हैं।
मेयर बलकार सिंह संधू ने बताया कि नगर निगम ने चारों जोनों के एक दर्जन के करीब सेकेंडरी कूड़ा डंपों से कूड़ा लिफ्ट करने का काम अपने हाथ में लिया था। उन्होंने बताया कि बुधवार देर रात तक निगम के अफसर व कर्मचारी इस काम में जुटे रहे और अब निगम ने सेकेंडरी कूड़ा डंपों से कूड़ा लिफ्ट करवा दिया है। मेयर ने बताया कि जोन सी के जोनल कमिश्नर जगदेव सिंह सेखों, हेल्थ अफसर अश्वनी सहोता के अलावा अन्य अफसरों ने इस मामले में बेहतरीन काम किया है। उन्होंने बताया कि इसके लिए टीमों का गठन किया गया था। हर टीम को एक टारगेट दिया गया था। मेयर बलकार सिंह संधू ने बताया कि बुधवार देर रात उन्होंने जीवन नगर के डंप का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि एटूजेड कंपनी के प्रबंधकों को भी समय पर कूड़ा लिफ्ट करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।