भाजपा नेताओं के साथ गुरु ने बंद कमरे में की बैठक
शनिवार की रात को फतेहगढ़ साहिब लोकसभा सीट से शिरोमणि अकाली दल- भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार दरबारा सिंह गुरु ने खन्ना के भाजपा नेताओं के साथ बन्द कमरा बैठक की और आगे की चुनावी रणनीति बनाई। गुरु रात दस बजे न्यू मॉडल टाउन स्थित भाजपा पार्षद सुधीर सोनू के दफ्तर पहुंचे। यहां गुरु करीब एक घन्टा रुके।
जागरण संवाददाता, खन्ना
शनिवार की रात को फतेहगढ़ साहिब लोकसभा सीट से शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार दरबारा सिंह गुरु ने खन्ना के भाजपा नेताओं के साथ बन्द कमरे में बैठ कर चुनाव की रणनीति बनाई। गुरु रात दस बजे न्यू मॉडल टाउन स्थित भाजपा पार्षद सुधीर सोनू के दफ्तर पहुंचे। गुरु यहां करीब एक घंटे तक रुके और भाजपा नेताओं के साथ बैठक की।
बैठक में भाजपा व भाजयुमो से जुड़े नेताओं और पार्षदों ने शिरकत की। इस चुनाव दौरान प्रचार को बूथ लेवल पर ले जाने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही मोदी लहर को वोटों में बदलने की भी रणनीति तैयार की गई। इसके लिए भाजपा की तरफ से विभिन्न टीमों का गठन किया गया। साथ ही दोनों दलों में तालमेल के लिए भी कमेटियों का गठन करने की घोषणा की गई।
इस अवसर पर शिअद खन्ना हलका इंचार्ज रणजीत सिंह तलवंडी, भाजपा जिला प्रधान अजय सूद, उपप्रधान डा. सोमेश बत्ता और सुधीर सोनू, महासचिव सर्वदीप सिंह कालीराव, राजेश डाली, मंडल प्रधान दिनेश विज, जसपाल लोटे, विपन कुमार गैंद, भाजयुमो जिला प्रधान हरसिमरनजीत सिंह रिची, अचल कांसल, लिलिब नंदा, बबला मेहता, सतीश वर्मा, राजकुमार मैनरो, डॉ. अश्वनी बांसल, राजेश राजा भी मौजूद रहे। मंगलवार खुलेगा चुनाव कार्यालय
बैठक में इस बात को लेकर भी चर्चाएं हुई कि चुनाव दफ्तर को जल्द खोला जाए, ताकि सुनियोजित ढंग से चुनाव प्रचार का काम आगे बढ़ सके। फैसला हुआ कि मंगलवार को जीटी रोड पर गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब के सामने दरबारा सिंह गुरु का मुख्य चुनाव दफ्तर खोल दिया जाएगा।
गठबंधन का हर प्रत्याशी मोदी
बैठक के दौरान अकाली-भाजपा के बीच मनमुटाव की चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए कहा गया कि ऐसी बातें केवल अफवाह हैं। भाजपा के लिए केवल पीएम मोदी को दोबारा जिताना लक्ष्य है। गठबंधन का हर उम्मीदवार उनके लिए मोदी है। भाजपा जिला प्रधान अजय सूद ने पार्टी नेताओं और वर्करों को एकजुट होकर गुरु की मदद करने की अपील की।