स्कूल से लौट रहा छात्र पराली की आग में गिरा, चेहरा और सिर झुलसने से हालत गंभीर Ludhiana news
सिविल अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि बच्चा करीब 20 फीसद झुलस गया है जिससे उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
खन्ना, जेेएनएन। किसान की ओर से खेतों में लगाई गई पराली की आग में गिरने से छठवीं कक्षा का एक छात्र गंभीर रूप से झुलस गया है। बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने पटियाला रेफर कर दिया है। बच्चे की पहचान राजिंदर सिंह गोल्डी निवासी गांव साहिबपुर के रूप में हुई है। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि बच्चा करीब 20 फीसद झुलस गया है, जिससे उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि गोल्डी वीरवार को अपने दोस्तों के साथ साइकिल पर स्कूल से वापिस आ रहा था तो गांव के समीप पहुंचने पर रास्ते में पड़ते एक खेत में किसान द्वारा पराली को आग लगाई हुई थी।
आग के धुएं के कारण राजिंदर आगे कुछ भी देख नहीं पाया और साइकिल सहित आग लगे खेत में जा गिरा। सिर के बल गिरने की वजह से उसका सिर और चेहरा बुरी तरह से झुलस गया। बताया जा रहा है पराली की आग इतनी भयंकर थी कि इसमें राजिंदर की साइकिल भी जल गई। गंभीर रूप से झुलसे बच्चे को राहगीरों ने आग से निकाल कर तुरंत सिविल अस्पताल खन्ना में दाखिल कराया। लेकिन, स्थिति गंभीर होने की वजह से डॉक्टरों ने उसे पटियाला रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार बच्चे के शरीर का ऊपरी हिस्सा ज्यादा झुलसने की वजह से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में थाना सदर के एसएचओ बलजिंदर ने कहा कि उनके पास अभी कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें