यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 23, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
आखिर रेलवे लाइन पार पहुंची 30 हजार टाइलें, धरना जारी
खन्ना के रेलवे लाइन पार इलाके में सड़क निर्माण को लेकर धरना चौथे दिन में प्रवेश कर गया। विभिन्न दलों ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, खन्ना : खन्ना के रेलवे लाइन पार इलाके में सड़क निर्माण को लेकर धरना चौथे दिन में प्रवेश कर गया। विभिन्न दलों के नेताओं व दुकानदारों की तरफ से अलग-अलग धरना लगाया गया है। इस बीच सड़क के निर्माण को शुरू कराने के प्रयास भी शुरू हो गए हैं। मंगलवार को 30 हजार इंटरलाकिग स्टील माल्डिंग टाइलों की पहली खेप रेलवे लाइन पार इलाके में पहुंच गई। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन गुरमिदर सिंह लाली और पार्षद नीटा के प्रयास से पहुंची टाइलों के बाद अब सड़क निर्माण भी जल्द ही शुरू होने की आस बंधी है।
लाली ने कहा कि ठेकेदार ने पहले ही काम शुरू करने को हामी भर दी थी, लेकिन अच्छी क्वालिटी की टाईलें नहीं मिल रही थी। अब स्टील माल्डिंग टाइलों से सड़क का निर्माण होगा। लाली ने दावा किया कि खन्ना शहर में इस क्वालिटी की टाइलें पहले कभी नहीं लगी हैं। रेलवे लाइन पार इलाके के लोगों के लिए यह खुशी की बात है। लाली और नीटा के साथ खन्ना नगर कौंसिल प्रधान कमलजीत सिंह लद्दड़ भी टाईलें उतारने के वक्त मौके पर पहुंचे। इस अवसर पर नरेश ढंड, परमजीत सिंह मिटू, प्रदीप रतन भी मौजूद रहे।
दुकानदार आज से भूख हड़ताल पर
इस बीच अलग धरने पर बैठे दुकानदारों ने बुधवार से अनिश्चितकाल के लिए भूख हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। इस संबंध में उन्होंने अपने पंडाल पर एक बैनर भी लगा दिया है। उनका कहना है कि रेलवे लाईन पार इलाके में सीवरेज सड़कों, गलियों-नालियों के काम पूरे होने तक वे भूख हड़ताल जारी रखेंगें। उधर, दूसरे पंडाल में भी अकाली नेता यादविदर सिंह यादू व अन्य राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि धरने पर बैठे हैं।
आरओबी पर लगा लंबा जाम
इस बीच मंगलवार की शाम को आरओबी से गुजरने के लिए कम जगह होने के चलते वाहनों का लंबा जाम लग गया। एक बस के जाम में फंसने के बाद वाहनों की लंबी कतारें उसके पीछे लग गई। इस जगह पर ही राजनीतिक नेताओं की तरफ से तंबू लगाकर धरना दिया जा रहा है और आधे रेलवे ओवर ब्रिज का ही रास्ता छोड़ा गया है।
