उद्योगपतियों ने एडीसीपी से औद्योगिक सुरक्षा पर की चर्चा
फेडरेशन आफ इंडस्ट्रीयल एंड कामर्शियल आर्गनाइजेशन (फीको) का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधान गुरमीत सिंह कुलार महासचिव राजीव जैन और सीआइआइ चेयरमैन अशप्रीत सिंह साहनी की अध्यक्षता में एडीसीपी-2 बलविदर सिंह रंधावा से मिला।
जागरण संवाददाता, लुधियाना
फेडरेशन आफ इंडस्ट्रीयल एंड कामर्शियल आर्गनाइजेशन (फीको) का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधान गुरमीत सिंह कुलार, महासचिव राजीव जैन और सीआइआइ चेयरमैन अशप्रीत सिंह साहनी की अध्यक्षता में एडीसीपी-2 बलविदर सिंह रंधावा से मिला। इस दौरान उनके साथ औद्योगिक इलाकों की सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उद्योगपतियों ने बताया कि फोकल प्वाइंट इलाकों में जबरन वसूली की वारदातें काफी बढ़ गई हैं। यह एक गंभीर मामला है पुलिस को हस्तक्षेप करना चाहिए और उद्योगपतियों को सुरक्षित करना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने औद्योगिक क्षेत्रों और फोकल प्वाइंट में मजदूरों के साथ हो रही लूट की घटनाओं पर भी चिंता जताईं। उन्होंने मांग की कि औद्योगिक क्षेत्रों और फोकल प्वाइंट में सुरक्षा को यकीनी बनाया जाए। इसके साथ ही सुझाव दिया कि वेतन दिवसों अर्थात प्रत्येक माह की 07 से 10 और 22 से 25 तारीख पर पीसीआर को अधिक सतर्क रखने की विशेष आवश्यकता है, क्योंकि इन दिनों लूट की घटनाएं अधिक होती हैं। उन्होंने फोकल प्वांइट के हर फेज में पुलिस हाल्ट प्वाइट भी स्थापित करने की मांग की ताकि आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके। इस दौरान बलविदर सिंह रंधावा ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस का कर्तव्य है और संबंधित सभी मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने औद्योगिक सुरक्षा संबंधी मुद्दों को प्राथमिकता देने के लिए सभी औद्योगिक संघों के नेताओं का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। इस दौरान गुरमीत सिंह कुलार, राजीव जैन, अशप्रीत सिंह साहनी, अवतार सिंह भोगल, इंद्रजीत सिंह नवयुग, सतनाम सिंह मक्कड़, बलबीर सिंह मनकू, गुरमुख सिंह रूपल, राजिदर सिंह सरहली, निरभै सिंह गहिर, बलजीत सिंह बंसल मौजूद थे।