जेल में बंद पाकिस्तानी किशोर के समर्थन में बनाई मानव श्रृंखला
होशियारपुर की जेल में बंद 16 वर्षीय पाकिस्तानी किशोर के पक्ष में सैंकड़ों लोगों ने मानव श्रंखला बनाई।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : अदालत द्वारा रिहाई का आदेश दिए जाने के बावजूद होशियारपुर की जेल में बंद 16 वर्षीय पाकिस्तानी किशोर के पक्ष में सराभा नगर में जमा हुए सैकड़ों लोगों ने मानव श्रृंखला बनाई। इनटीऐटर्ज ऑफ चेंज संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न संगठनों व समाज सेवी संस्थाओं ने शिरकत की। जहां भारत सरकार से उक्त 16 वर्षीय किशोर को रिहा कर वापस पाकिस्तान भेजने की मांग की गई।
सराभा नगर से मॉडल टाउन एक्सटेंशन स्थित गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह तक शांति मार्च निकाला गया। इनटीऐटर्ज ऑफ चेंज के संस्थापक गौरवदीप सिंह ने बताया कि उन्हें मीडिया रिपोर्ट से पता चला कि दो साल पहले पाकिस्तान निवासी बिलाल अंजाने में सरहद पार करके भारत में चला आया, जिसे तरनतारन की अदालत ने बरी कर दिया। उन्होंने भारत सरकार से अपील की कि वो लड़के को रिहा करे तथा उसे उसके परिवार से मिलने में मदद की जाए। नायब शाही इमाम उस्मान लुधियानवी ने कहा कि जैसे अदालत ने उस लड़के को बरी कर दिया। शांति संदेश के माध्यम से सरकार को भी उसे रिहा कर देना चाहिए। गलती से सरहद पार जाने वाले मालेरकोटला निवासी युवक को पाकिस्तान सरकार ने छोड़ दिया। अब भारत सरकार को भी बिलाल को रिहा कर देना चाहिए। समाज सेवक लखा सिधाना ने कहा कि यह हिदू सिख या मुस्लिम का नहीं बल्कि मानवता का मसला है। वो सरकार से मांग करते हैं कि बिलाल को रिहा किया जाए। नदर फाउंडेशन, गुरमति ज्ञान मिशनरी कॉलेज, अलायंस ऑफ सिख ऑर्गेनाइजेशन, हार्ले डेविडसन ग्रुप, जवा बाइकर्स क्लब, प्रोजेक्ट कुशल तथा अन्य संगठनों ने समर्थन किया।