सामान्य दिनों में निकलता है 1200 टन कूड़ा, दीवाली पर 600 टन का इजाफा
दीवाली के बाद शहर के अलग-अलग सेकेंडरी कूड़ा कलेक्शन प्वाइंटों पर कूड़े के अंबार लग गए।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : दीवाली के बाद शहर के अलग-अलग सेकेंडरी कूड़ा कलेक्शन प्वाइंटों पर कूड़े के अंबार लग गए। शहर में रोजाना 1200 टन कूड़ा निकलता है, लेकिन दीवाली के आसपास शहर में कूड़े की मात्रा डेढ़ गुना हो जाती है, जिससे कूड़ा प्रबंधन करने वाली कंपनी सेकेंडरी कूड़ा कलेक्शन डंपों से पूरा कूड़ा नहीं उठा पाती है और शहर में कूड़ा ही कूड़ा दिख रहा है। नगर निगम ने अब फैसला किया है कि दीवाली के बाद शहर को साफ करने के लिए तीन दिन तक अपनी मशीनरी भी उतारेगा।
दीवाली के सीजन में पहले तो लोग साफ सफाई करते हैं जिससे कूड़े की मात्रा बढ़ जाती है। वहीं दीवाली के दिन पटाखों व अन्य कारणों से भी काफी मात्रा में कूड़ा निकलता है। सामान्य दिनों में जहां शहर से 1200 टन के करीब कूड़ा निकलता है वहीं दीवाली से पहले और दीवाली के बाद कुछ दिन इसकी मात्रा प्रति दिन 600 टन बढ़कर 1800 टन हो जाती है। वहीं दूसरी तरफ से दीवाली और विश्वकर्मा की छुट्टी की वजह से कंपनी के कर्मचारी भी पूरे दिन काम नहीं करते हैं। ऐसे में सभी कलेक्शन प्वाइंटों पर कूड़े की भरमार लगी है। कूड़ा कलेक्शन प्वाइंटों पर कूड़ा जमा होने की सूचना मिलते ही मेयर बलकार सिंह संधू ने तीन दिन के लिए नगर निगम की हेल्थ ब्रांच के अफसरों को आदेश दिए हैं कि वह अपनी मशीनरी को भी कूड़ा लिफ्ट करने में लगाएं ताकि जल्दी से जल्दी शहर को कूड़ा मुक्त किया जाए। एटूजेड कंपनी के लुधियाना इंचार्ज विशांत चौधरी का कहना है कि निगम की मशीनरी मिलने के बाद दो दिनों तक कूड़ा लिफ्ट हो जाएगा। 10 टिप्पर और चार जेसीबी मशीनें करेंगी काम
शहर से कूड़ा लिफ्ट करने के लिए कंपनी के पास 30 टिप्पर हैं जबकि छह जेसीबी मशीनें हैं। कूड़ा जल्दी से उठे इसके लिए निगम अपने 10 टिप्पर और चार जेसीबी भी शुक्रवार से कूड़ा लिफ्टिंग के लिए लगा देगी।
सेक्टर 32 के डंप पर लगाया कूड़े को आग
सेक्टर 32 के पास बने कूड़ा डंप पर काफी मात्रा में कूड़ा जमा था और इससे काफी बदबू आ रही थी, जिससे आसपास के इलाके के लोग परेशान थे। दीवाली की रात किसी ने कूड़े को आग लगा दी। जिससे लोगों की परेशान और भी बढ़ गई। शहर में कूड़ा काफी जमा हुआ है। कूड़ा जल्दी से जल्दी लिफ्ट हो इसके लिए हेल्थ ब्रांच को अपनी मशीनरी को काम पर लगाने को कह दिया है।
बलकार सिंह संधू, मेयर, नगर निगम