Move to Jagran APP

Ludhiana: केंद्रीय जेल में बैठ चला रहे थे नशे का नेटवर्क शिमलापुरी में बनाया गोदाम, चार गिरफ्तार

केंद्रीय जेल में बैठ कर नशे का नेटवर्क चला रहे थे। वहीं शिमलापुरी में गोदाम बनाया गया था। नशे के इस नेटवर्क का राजफाश अब फतेहगढ़ साहिब जिले की पुलिस ने किया है। घर के कमरे में बनाए गोदाम से पुलिस ने 5.31 लाख प्रतिबंधित गोलियां जब्‍त की हैं।

By Jagran NewsEdited By: Himani SharmaWed, 01 Feb 2023 11:09 AM (IST)
Ludhiana: केंद्रीय जेल में बैठ चला रहे थे नशे का नेटवर्क शिमलापुरी में बनाया गोदाम, चार गिरफ्तार
केंद्रीय जेल में बैठ चला रहे थे नशे का नेटवर्क शिमलापुरी में बनाया गोदाम, चार गिरफ्तार

जागरण टीम, लुधियाना/फतेहगढ़ साहिब : केंद्रीय जेल में बैठ कर दो लोग बाहर नशे का नेटवर्क चला रहे थे। मोबाइल के जरिये आर्डर लेने और नशे के लिए प्रयोग की जाने वाली प्रतिबंधित गोलियों की सप्लाई करवा रहे थे। यह सब जेल प्रशासन की नाक के नीचे चल रहा था लेकिन किसी को भनक नहीं लगी। नशे के इस नेटवर्क का राजफाश अब फतेहगढ़ साहिब जिले की पुलिस ने किया है। चार लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने 5.31 लाख प्रतिबंधित गोलियां जब्त की हैं।

Amritsar: नशे में ई-रिक्शा चालक ने छह किमी लगवाई पुलिस की दौड़, दस से अधिक लोगों को टक्कर मार किया चोटिल

नशे के सौदागरों ने शहर के शिमलापुरी इलाके में एक घर में प्रतिबंधित गोलियां का गोदाम भी बना रखा था। फतेहगढ़ साहिब जिले की पुलिस ने बीती 23 जनवरी को नाकाबंदी के दौरान सन्नी कुमार नाम के युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 19 हजार 590 प्रतिबंधित गोलियां पकड़ी थीं। पूछताछ में उसने माना कि लुधियाना की केंद्रीय जेल में बंद ईशान गुप्ता और रवि कुमार इस धंधे के मास्टरमाइंड हैं। वह जेल में बंद इन दोनों के इशारों पर ग्राहकों को प्रतिबंधित गोलियों की सप्लाई करता है। वह जेल में बैठे ही मोबाइल के जरिये यह सब आपरेट करते हैं।

प्रतिबंधित गोलियों का गोदाम रणजीत सिंह रिंकू नाम के युवक ने शिमलापुरी स्थित अपने घर में बनाया हुआ था। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शिमलापुरी में उस घर में छापामारी कर 5.31 लाख प्रतिबंधित गोलियां बरामद की। इसके बाद घर को सील कर दिया गया।

जांच में सामने आया कि ईशान और रवि मोबाइल पर रणजीत सिंह रिंकू को टारगेट देते थे और वह आगे सन्नी के जरिये सप्लाई करवाता था। रणजीत सिंह रिंकू के खिलाफ पहले भी प्रतिबंधित दवाइयां रखने का केस दर्ज है। वह कुछ समय पहले ही जेल से छूट कर बाहर आया था। उसने सन्नी को पैसों का लालच देकर तस्करी के काम पर लगा दिया था। इसी बीच वह पुलिस के हाथ लग गया।

250 हेरोइन सहित दो काबू

पुलिस ने दो तस्करों को 250 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है। दोनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस की सीआईए-2 टीम ने चंडीगढ़ रोड के सब्जी मंडी रोड कट पर नाकाबंदी के दौरान तस्कर को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना डिवीजन नंबर सात में केस दर्ज किया गया है। एएसआइ निशान सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान जीरा (फिरोजपुर) के घोड़ा मोहल्ला स्थित दोधियां वाली गली के रहने वाले मेजर सिंह के रूप में हुई है। उसके पास से 200 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।

वहीं, पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल टीम ने सुंदर नगर स्थित बांबे टायर सर्विस के पास नाकाबंदी के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया। एसआइ तमन्ना देवी ने बताया कि आरोिपत की पहचान राहों रोड की बहल कालोनी गली नंबर एक निवासी गौरव बत्रा के रूप में हुई। उसके पास से पुलिस ने 50 ग्राम हेरोइन, 10 हजार रुपये, इलेक्ट्रानिक कंडा और प्लास्टिक के 20 पाउच बरामद किए हैं। आरोपित के खिलाफ थाना दरेसी में केस दर्ज किया गया है।

ईशान व रवि को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया

फतेहगढ़ साहिब जिले की पुलिस अब केंद्रीय जेल में बंद ईशान और रवि को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस को उनके पास से एक मोबाइल फोन भी मिला है। माना जा रहा है कि इसी मोबाइल से वे जेल से ही नशे की तस्करी का धंधा चला रहे थे। इन दोनों से पूछताछ कर प्रतिबंधित दवाइयों की तस्करी के आगे के तार तलाशे जाएंगे। संभावना है कि इस जांच की आंच प्रदेश की सबसे बड़े दवाइयों के बाजार पिंडी स्ट्रीट तक पहुंच सकती है। पुलिस इस एंगल से भी जांच को आगे बढ़ा रही है।

जेल में लगातार मिल रहे मोबाइल

केंद्रीय जेल में बंद अपराधियों से मोबाइल फोन मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। जनवरी माह में ही जेल में जांच के दौरान करीब 50 मोबाइल फोन मिल चुके हैं। लुधियाना की केंद्रीय जेल में जेल मंत्री के दावे लगातार दम तोड़ रहे हैं। अर्ध सैनिक बलों की तैनाती से भी जेल में मोबाइल पहुंचना बंद नहीं हो पाए हैं।

Punjab News: तस्करों को छुड़वाने के लिए दो लाख रिश्वत लेने वाला आप वालंटियर धरा