लुधियाना में 2 युवकों ने एक्टिवा सवार को पेट में मारी गोली, खुद स्कूटी चलाकर घर पहुंचा घायल युवक
लुधियाना में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने एक एक्टिवा सवार युवक को गोली मार दी। पेट में गोली लगने ...और पढ़ें

लुधियाना में 2 युवकों ने एक्टिवा सवार को पेट में मारी गोली (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
लुधियाना में एक्टिवा सवार युवक को अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी
पेट में गोली लगने के बावजूद घायल खुद एक्टिवा चलाकर घर पहुंचा
पुलिस ने दो अज्ञात युवकों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया
जागरण संवाददाता, लुधियाना। शहर में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने एक एक्टिवा सवार युवक को रास्ते में रोककर गोली मार दी। गोली युवक के पेट में लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हैरानी की बात यह रही कि घायल युवक ने हिम्मत नहीं हारी और कुछ देर बाद अपनी एक्टिवा उठाकर खुद चलाते हुए घर पहुंच गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना 14 नवंबर की है। थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
राम नगर निवासी रीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा विकास 14 नवंबर 2026 को अपनी एक्टिवा पर काम के सिलसिले में घर से निकला था। जब वह ईडब्ल्यूएस कॉलोनी के कट के पास पहुंचा तो पीछे से बाइक पर सवार होकर दो अज्ञात युवक आए। उन्होंने विकास को रास्ते में रोक लिया। शिकायत के अनुसार, बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अपने पास मौजूद पिस्तौल से विकास पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली सीधे उसके पेट में लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा।
गोली लगने के बावजूद विकास ने हिम्मत जुटाई। उसने अपनी एक्टिवा उठाई और खुद चलाकर घर पहुंच गया। बेटे को खून से लथपथ हालत में देखकर परिजन घबरा गए और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि विकास की किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना डिवीजन नंबर-7 की पुलिस ने रीना की शिकायत पर दो अज्ञात युवकों के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 109, 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54 व 59 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस आरोपितों की पहचान करने के साथ ही गोली चलाने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।