CM भगवंत मान के दौरे को लेकर खन्ना में हाई अलर्ट पर थी पुलिस, इधर लुटेरों ने ATM काटकर उड़ा लिए 22 लाख
खन्ना के समराला रोड पर बदमाशों ने यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक के दो एटीएम काटकर 22 लाख रुपये चुरा लिए।

खन्ना में दो एटीएम काटकर 22 लाख रुपये लूटकर ले गए लुटेरे।
HighLights
खन्ना में दो एटीएम काटकर 22 लाख रुपये की चोरी।
मुख्यमंत्री के दौरे के कारण पुलिस हाई अलर्ट पर थी।
एटीएम पर सुरक्षा गार्ड न होने से सुरक्षा पर सवाल।
संवाद सहयोगी, खन्ना (लुधियाना)। खन्ना के समराला रोड पर बदमाशों ने यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक के दो एटीएम काटकर 22 लाख रुपये चोरी कर लिए। लूटी गई वास्तविक रकम की पुष्टि जांच के बाद होगी।
वारदात रविवार को तड़के करीब तीन बजे हुई। इसी दिन मुख्यमंत्री भगवंत मान का माछीवाड़ा साहिब के हैडो बेट में कार्यक्रम था। यह क्षेत्र खन्ना पुलिस जिला के अंतर्गत आता है और दौरे के कारण पुलिस जिला हाई अलर्ट पर था।
इसके बावजूद बदमाशों ने कटर से दोनों एटीएम काटे और नकदी लूट ली। यूनियन बैंक का एटीएम उसकी शाखा के साथ लगा है, जबकि एक्सिस बैंक का एटीएम सामने है। दोनों मशीनों पर रात में कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था।
खन्ना में ज्यादातर एटीएम पर रात में सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं रहते। समराला रोड के दोनों एटीएम पर भी गार्ड नहीं थे। इससे रात में एटीएम में रखी नकदी की सुरक्षा और केवल सीसीटीवी कैमरों पर निर्भर व्यवस्था को लेकर सवाल उठे हैं। एसपी (डी) राकेश यादव ने कहा कि वह सीएम ड्यूटी के कारण हैडो बेट में हैं और मामले की जांच करवाकर सोमवार को पूरी जानकारी देंगे।