किसानों के खातों की जानकारी देने से आढ़तियों का इंकार, सरकार के इस फैसले का किया विरोध Ludhiana News
पंजाब सरकार आढ़तियों को किसानों के खाते देने के लिए मनाने में लगी है पर आढ़ती किसी भी कीमत पर ऐसा करने को तैयार नहीं हैं।
खन्ना, जेएनएन। किसानों के खाते पोर्टल पर डालने का मामला आढ़तियों के लिए गंभीर बना हुआ है। केंद्र सरकार की तरफ से प्रदेश सरकार पर इस काम के लिए दबाव डाला जा रहा है और पंजाब सरकार आढ़तियों को किसानों के खाते देने के लिए मनाने में लगी है पर आढ़ती किसी भी कीमत पर ऐसा करने को तैयार नहीं हैं। इस मसले में वीरवार को मार्केट कमेटी कार्यालय खन्ना में आढ़ती एसोसिएशन खन्ना की बैठक हुई। जिसमें आढ़तियों की तरफ से सरकार के फैसले का विरोध किया। आढ़तियों ने कहा कि किसान अपने खातों को पोर्टल पर डालने के लिए सहमत नहीं हैं। इस कारण वे भी किसानों के खाते सरकार को नहीं दे सकते। आढ़ती किसी के निजी खाते को किसी और को नहीं दे सकते।
आढ़ती एसोसिएशन प्रधान हरबंस सिंह रोशा ने कहा कि आढ़ती और किसान ऐसा करने के लिए तैयार नहीं हैं। इस कारण फैसला किया गया है कि किसानों के खाते पोर्टल पर नहीं डाले जाएंगे। किसानों से संबंधित अन्य जानकारी भी नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आढ़तियों के व्यापार को खत्म करने और आढ़तियों व किसानों के संबंधों को खराब करने के लिए यह साजिश रची जा रही है।
इस मौके पर महासचिव यादविन्दर सिंह लिबड़ा, संजय घई पूर्व प्रधान, सुखविन्दर सिंह चीमा पूर्व प्रधान, भरपूर चंद बेक्टर, गुरचरन सिंह ढींडसा, जगतार सिंह रतनहेड़ी, मोहित गोयल, सुशील कुमार शीला, हुकम चंद शर्मा, संजीव धम्मी, पवनपीत, गुरजीत सिंह, रणजीत सिंह, शैंटी जिन्दल, भगवंत गोयल, गुरमेल सिंह नागरा, बूटा सिंह राजेवाल, राम चंद, लवली साहनेवालिया, वेद प्रकाश, गिरधारी लाल उपस्थित थे।