जननायक एक्सप्रेस में खाकी की बर्बरता, सीट विवाद में मां-बेटियों को पीटा; चौकी में रातभर बैठाकर पैसे मांगने के आरोप
दरभंगा से लुधियाना आ रही रूबी देवी और उनकी तीन बेटियों के साथ जननायक एक्सप्रेस में जीआरपी कर्मचारियों द्वारा मारपीट और दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है।

जननायक एक्सप्रेस में जीआरपी मुलाजिमों के महिला और तीन बेटियों से मारपीट व दुर्व्यवहार का लगाया आरोप।
HighLights
जीआरपी पर महिला और बेटियों से मारपीट का आरोप
निजामुद्दीन चौकी में रातभर बैठाकर पैसों की मांग
पीड़िता ने सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की
जागरण संवाददाता, लुधियाना। दरभंगा से लुधियाना आ रही महिला और उसकी तीन बेटियों के साथ 15211 जननायक एक्सप्रेस ट्रेन में जीआरपी कर्मचारियों के मारपीट और दुर्व्यवहार करने का गंभीर मामला सामने आया है।
लुधियाना के बड़ी हैबोवाल की रहने वाली रूबी देवी ने जीआरपी के दो कर्मचारियों पर गाली-गलौज, बेटी को थप्पड़ मारने और उसे नुकीली वस्तु से पीटने के आरोप लगाए हैं। महिला ने निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन की जीआरपी चौकी में रातभर बैठाकर रखने, पैसों की मांग करने और जबरन बयान दिलवाने का भी दावा किया है।
रूबी देवी के मुताबिक, वह तीन बेटियों के साथ दरभंगा से लुधियाना आ रही थी। मुरादाबाद के पास ट्रेन में पहुंचे दो जीआरपी कर्मचारियों ने उससे सीट खाली करवाने का दबाव बनाया।
महिला का आरोप है कि उसने एक बीमार महिला को इंसानियत के नाते अपनी सीट दे दी थी। लेकिन इसके बावजूद पुलिस कर्मचारियों ने उससे विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई। बेटी सुनीता ने बीच-बचाव किया तो उसे थप्पड़ मार दिया गया। इसके बाद महिला के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें उसके सिर और हाथ पर चोटें आईं।
वीडियो बनाने पर चौकी ले जाने का आरोप
महिला का आरोप है कि घटना की वीडियो बनाने पर पुलिस कर्मचारियों ने अतिरिक्त बल बुलाकर उसे और बेटियों को निजामुद्दीन स्टेशन की चौकी में पहुंचा दिया। शाम छह बजे से अगली सुबह सात बजे तक उन्हें वहां बैठाकर रखा गया। इस दौरान पैसों की मांग और मनमुताबिक बयान देने का दबाव बनाया गया।
बचाव करने वाले दो युवकों को भी गिरफ्तार किया
रूबी देवी के अनुसार, ट्रेन में उसे बचाने पहुंचे दो युवकों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। महिला ने आरोप लगाया कि वीडियो की जांच किए बिना ही उसके और बेटियों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया। उसने उच्च अधिकारियों से सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।