विदेश ले जाने पर एनआरआइ ने अपनी पत्नी से ठगे 27 लाख रुपये, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने 27 लाख की ठगी मारकर कनाडा भागे एनआरआइ को कुराली से गिरफ्तार कर लिया।
जेएनएन, जगराओं। पुलिस ने 27 लाख की ठगी मारकर कनाडा भागे एनआरआइ को कुराली से गिरफ्तार कर लिया। उसके दो अन्य साथियों को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। बस अड्डा पुलिस चौकी के प्रभारी हरमेश कुमार ने बताया कि हरविंदर कौर की शादी एनआरआइ जगदीश सिंह जोशी निवासी मोहल्ला राम निवास जगराओं के साथ हुई थी। शादी के बाद आरोपित ने हरविंदर से कहा कि उसे विदेश ले जाने के लिए काफी खर्च आएगा। वह उसे पैसों का इंतजाम करके दे। हरविंदर ने अपने हिस्से की जमीन बेचकर 27 लाख रुपये जगदीश को दे दिए। वह विदेश चला गया लेकिन उसने पत्नी हरविंदर को नहीं बुलाया।
अपने साथ ठगी होने पर पीड़ित हरविंदर ने शादी कर विदेश भाग जाने वाले धोखेबाज दुल्हों के खिलाफ लड़ाई लड़ रही संस्था 'अब नहीं' संगठन के सदस्यों को इसकी जानकारी देकर मदद की गुहार लगाई। जब जगदीश कनाडा से पंजाब आया हुआ था तो संगठन के सदस्यों ने पुलिस जिला लुधियाना देहात के प्रभारी वरिंदर सिंह बराड़ से मुलाकात कर इस मामले की जानकारी दी और उन्हे लिखित शिकायत दर्ज करवाई। जांच के बाद पुलिस ने जगदीश सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज कर लिया।
चौकी प्रभारी के मुताबिक मामला दर्ज होने का पता चलते ही जगदीश अंडरग्राउंड हो गया। पुलिस ने इसी केस में शिंदर सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट से और बलवीर सिंह को गांव दबुर्जी से पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अभी ये दोनों जमानत पर चल रहे हैं। वहीं शनिवार को पुलिस ने एनआरआइ जगदीश सिंह को कुराली से गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।