पुराना ओवरब्रिज अभी तक खड़ा
2 माह में तोड़ना था ब्रिज, नया रेल ओवरब्रिज निर्धारित लक्ष्य से भटका।
डीएल डॉन, लुधियाना
जगराओं पुल रेल ओवरब्रिज का काम ठप होकर रह गया है जिससे ब्रिज बनाने का लक्ष्य दिसंबर 2018 तक पूरा नहीं हो पाएगा। वर्क अधिकारी गुरदीप सिंह का कहना है कि पुराने रेल ओवरब्रिज को दो माह में तोड़कर हटाना था जो अभी तक नहीं हो सका है और इसके साथ ही ब्रिज निर्माण के लिए जो अतिक्रमण हटाया गया है वह मलबा भी वहीं पड़ा है। इससे वर्क बाधित होकर रह गया है। उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज की लंबाई 60 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर है और अतिक्रमण हटने के बाद जो जगह खाली हुई है वहां से जब तक मलबा नहीं हटाया जाता तब तक ब्रिज निर्माण में तेजी लाना असंभव है। उन्होंने कहा कि नगर निगम लुधियाना को चाहिए कि मलवा हटवा दे ताकि जगह खाली होने पर निर्माण आरंभ हो सके।
40 करोड़ का है बजट
जगराओं पुल रेल ओवरब्रिज के निर्माण के लिए 40 करोड़ का बजट जारी हुआ है। अब अन्य वर्क बढ़ने से खर्च भी बढ़ेगा। रेल अधिकारी बताते है कि इस ब्रिज के निर्माण पर 60 प्रतिशत राज्य सरकार खर्च कर रही है। नगर निगम लुधियाना की 60 प्रतिशत वर्क की जिम्मेदारी है। वहीं 40 प्रतिशत रेल विभाग खर्च दे रही है। निर्माण के लिए 40 करोड़ का बजट बना है, जिसमें 24 करोड़ राज्य सरकार दी है और 16 करोड़ रेलवे की ओर से जारी किया हुआ है। अब मलवा हटाने के लिए नगर निगम को जल्द वर्क करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा मलवा नहीं हटवाने से वर्क पेंडिंग पड़ा हुआ है।
15 दिनों में हटना था मलवा
ओवरब्रिज का निर्माण करवाने वाले सीनियर सेक्शन इंजीनियर वर्क्स गुरदीप सिंह का कहना है कि रेल विभाग की ओर से काम तेजी से चल रहा था। लेकिन रेलवे लाइन से सटे घरों को हटाने के बाद अब मलवा नहीं हटाने से काम ठप हो गया है। अतिक्रमण हटाने के वक्त नगर निगम अधिकारियों से मीटिंग हुई थी तो उन्होंने कहा था कि 15 दिनों के अंदर मलवा हटा देंगे। लेकिन मलवा नहीं हटने से वर्क अधर में लटक गया है।
चार चरणों में होगा है काम
ओवरब्रिज निर्माण से जुड़े एक्सइएन दयाराम का कहना है कि ब्रिज निर्माण चार चरणों में होना है। लेकिन अतिक्रमण हटाने के बाद मलवा हटाने में देरी से काम ठप हो गया है।
दूर करेंगे अड़चन : मेयर
जगराओं रेल ओवरब्रिज निर्माण में अतिक्रमण हटाने के बाद मलवा अड़चन बनने के बारे में नगर निगम मेयर बलकार सिंह संधू से बात करने पर उन्होंने कहा कि इस अड़चन को जल्द दूर कर दिया जाएगा।
जायजा लेंगे डीआरएम
जगराओ पुल रेल ओवरब्रिज निर्माण ठप होने से शीर्ष रेल अधिकारी भी सकते में है। इस बारे में फिरोजपुर रेल मंडल के डीआरएम विवेक कुमार से बात करने पर उन्होंने कहा कि वे जल्द ही ब्रिज स्थल का जायजा लेने के बाद वर्क में तेजी करवाएंगे।