लुधियाना में सरकार के अड़ियल रवैये के खिलाफ आयकर कर्मियों का फूटा गुस्सा, ठप रहा कार्यालय का काम
लुधियाना के ऋषि नगर स्थित आयकर कार्यालय में आयकर कर्मचारी संगठन के आह्वान पर कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कर्मचारी संगठन के सचिव संतोष कुमार सिंह एवं कामरेड डीएन सिन्हा व अन्य पदाधिकारियों ने सरकार की गलत नीतियों और अड़ियल रवैये की निंदा की।
लुधियाना, जेएनएन। सरकार के अड़ियल रवैये के खिलाफ आखिरकार आयकर कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। ऋषि नगर स्थित आयकर कार्यालय में आयकर कर्मचारी संगठन के आह्वान पर कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कार्यालय का कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। कर्मचारी संगठन के सचिव संतोष कुमार सिंह एवं कामरेड डीएन सिन्हा व अन्य पदाधिकारियों ने सरकार की गलत नीतियों और अड़ियल रवैये की निंदा की।
कर्मचारियों का कहना है कि सरकार उनकी मांगों को जल्द पूरा करें और उनकी मुख्य मांगों में 2004 से आए हुए कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन नीति लागू करें। उन्होंने मांग की कि विभागों के निजीकरण को बंद करने, न्यूनतम वेतन मजदूरी को बढ़ाने, महंगाई भत्ता पर लगी रोक हटाना, पेंशन नियम में संशोधन, वर्ष 1993 से विभागों में कार्य कर रहे अस्थाई वर्कर्स को स्थाई कर्मचारी का स्टेटस देना, हर कर्मचारी को 5 समयबद पदोन्नति देने तथा नए पदों के सृजन पर लगी हुई रोक को हटाया जाए।
कामरेड सोलंकी इंस्पेक्टर एवं डीएन सिन्हा इंस्पेक्टर ने सरकार से देश के तमाम वर्ग के मजदूरों और कर्मचारियों व पेंशनर्स की तमाम जायज मांगों को तत्काल पूरा करने की अपील की है और सरकार के ऐसा ना करने पर सरकार की दमनकारी एवं जन विरोधी नीतियों पर भविष्य में और भी जोरदार संघर्ष की बात कही है। हड़ताल में इंस्पेक्टर कामरेड सुरेंद्र मरवाहा, अरुण मल्लिक, सुरेश सोलंकी एवं अन्य कामरेड दिवाकर झा, पंकज कुमार राज कुमार, कमलेश, दीपक, गुरमीत कौर आदि मौजूद रहे। इस हड़ताल में कार्यालय में अधिकारियों एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति शून्य रही। यहां तक कि किसी भी सीए या वकील को अंदर नहीं जाने दिया गया।