यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Ludhiana Weather: कई जिलों में दृश्यता शून्य, आज और कल घनी धुंध व शीतलहर को लेकर रेड अलर्ट
पंजाब में कड़ाके की ठंड के साथ धुंध ने भयावह रूप दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को पंजाब के ...और पढ़ें

लुधियाना, जागरण संवाददाता : पंजाब में कड़ाके की ठंड के साथ धुंध ने भयावह रूप दिखाना शुरू कर दिया है। सोमवार को पंजाब के कई जिलों में सुबह आठ से नौ बजे तक विजिबिलिटी (दृश्यता) जीरो रही। सड़कों पर जन जीवन अस्त-व्यस्त रहा। इस दौरान बीच-बीच में सर्द हवाएं भी चल रही थी। मंगलवार और बुधवार को भी कई जिलों में बहुत ज्यादा घनी धुंध पड़ेगी और प्रचंड शीतलहर चलेगी।
मौसम विभाग ने रेड अलर्ट किया जारी
इसे लेकर मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। सोमवार को सीजन में पहली बार इतना ज्यादा धुंध पड़ी। वाहन भी सड़कों पर रेंगते हुए चल रहे थे। हाईवे समेत दूसरे मार्गों पर कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लगी नजर आईं। कई जगहों पर तो धुंध इतनी अधिक थी कि वाहन टकरा गए। गिद्दड़बाहा-मलोट रोड पर स्थित गांव थेड़ी के फ्लाईओवर पर ओवरटेक करते समय पीआरटीसी बस सड़क के बीच ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। इसके बाद करीब नौ वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे में जानी नुकसान तो नहीं हुआ पर कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
तापमान में आई कमी, बढ़ी धुंध
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक हवा में नमी बहुत ज्यादा बढ़ने और तापमान में लगातार कमी आने की वजह से धुंध पड़ रही है। इसका असर अभी आने वाले पांच दिनों तक रहेगा। विभाग के डायरेक्टर डा. मनमोहन सिंह के अनुसार यह तो शुरुआत हैं। मंगलवार और बुधवार को भी पंजाब के कई जिलों में सुबह व रात में बहुत ज्यादा घनी धुंध और प्रचंड शीतलहर चलेगी। इसे लेकर हमने रेड अलर्ट जारी किया है। धुंध का प्रभाव इतना अधिक होगा कि सामने कुछ भी नजर नहीं आएगा और कड़ाके की ठंड के चलते ठिठुरन काफी बढ़ जाएगी।
अभी एक सप्ताह तक नार्थ वेस्ट विंड चल रही है। अभिभावकों को यही सलाह है कि खुष्क ठंड पड़ रही है। इससे बच्चों को बचाकर रखें। बुजुर्ग भी अपना ध्यान रखें। कुछ दिनों बाद से धुंध में कमी आएगी, पर शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा।
