यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 05, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नर्सिंग होम में लैपटाॅप से हो रही थी भ्रूण लिंग जांच, वीडियो दिखाकर डाॅक्टर बोली- लड़की है.. हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे किया राजफाश
पटियाला की सोनिया नामक महिला के माध्यम से रैकेट चलता है। इस पर सिरसा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डमी ...और पढ़ें

सरहिंद, [फतेहगढ़ साहिब] [धरमिंदर सिंह]। हरियाणा के सिरसा से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को यहां रेड करते हुए एक रैकेट का पर्दाफाश किया। जानकारी के अनुसार सिरसा से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नोडल अधिकारी बुधराम की अगुआई में रेलवे रोड पर 'नाथ नर्सिंग होम' में रेड की। बुधराम ने बताया कि उन्हेंं सूचना मिली थी कि नर्सिंग होम में भ्रूण लिंग जांच होती है।
पटियाला की सोनिया नामक महिला के माध्यम से रैकेट चलता है। इस पर सिरसा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डमी मरीज तैयार करते हुए डाक्टर से बातचीत की थी। डाक्टर से बीस हजार रुपये में बात तय हुई थी। डाक्टर ने यह रकम गूगल पे करवा ली थी। इसके बाद डमी मरीज को नर्सिंग होम बुलाया गया तो स्वास्थ्य विभाग सिरसा ने ट्रैप बिछा दिया। सूत्रों की मानें तो डमी मरीज जब नर्सिंग होम में गई तो वहां देखा गया कि डाॅक्टर के पास स्कैन मशीन नहीं थी।
डाॅक्टर लैपटाप से भ्रूण लिंग जांच कर रहा था। लैपटाॅप में कोई सॉफ्टवेयर डाउनलोड किया हुआ था, जिसके माध्यम से भ्रूण लिंग जांच की जा रही थी। तभी टीम ने रेड करते हुए लैपटाप कब्जे में लेकर फतेहगढ़ साहिब के स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों और पुलिस को मौके पर बुला लिया था। पूरे मामले की जांच की जा रही थी। वहीं, नाथ नर्सिंग होम की डाॅ. नितिका ने सभी आरोपों को बेबुनियाद करार देते कहा कि यहां कोई भ्रूण लिंग जांच नहीं होती, उन्हें फंसाया जा रहा है।
ऐसे फंसे ट्रैप में
हरियाणा के सिरसा स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ट्रैप लगाया। टीम ने डमी मरीज तैयार करते हुए सोनिया से बातचीत की। सोनिया ने मरीज को पटियाला के गुरुद्वारा साहिब बुलाया। वहां सोनिया ने किसी अन्य महिला को भेजा। यह महिला डमी मरीज को सरहिंद नहर पुल पास छोड़कर आई। नहर पुल से डाक्टर अपनी गाड़ी में मरीज को लेकर नर्सिंग होम पर आईं। लैपटाॅप पर यूट्यूब से वीडियो दिखाकर मरीज को बोला गया कि उसके पेट में लड़की है। तभी टीम ने मौके पर पहुंच पर्दाफाश कर दिया।
