मॉक पार्लियामेंट में स्टूडेंट्स ने शिक्षा में आ रही समस्याओं को किया उजागर
भारतीय विद्या मंदिर ट्रस्ट की ओर से स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में वीरवार को स्कूल की चारों शाखाओं में अलग-अलग आयोजन हुए।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : भारतीय विद्या मंदिर ट्रस्ट की ओर से स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में वीरवार को स्कूल की चारों शाखाओं में अलग-अलग आयोजन हुए। इसका आगाज सुबह मुख्यातिथि पुलिस कमिश्नर सुखचैन सिंह गिल ने किया। उनके साथ ट्रस्ट के प्रधान ओपी सभ्रवाल, उपप्रधान फूलचंद जैन, सचिव पीसी गोयल, मनोज गुप्ता (सह सचिव), शुभ कर्ण जैन, मदनमोहन व्यास, आरके बहल, केसी मैणी तथा सभी शाखाओं के प्रधानाचार्य भी उपस्थित रहे। इसके बाद खेलों से लेकर सांस्कृतिक गतिविधियां हुई। किचलू नगर स्थित बीवीएम स्कूल में दोपहर एक से दो बजे तक फुटबॉल मैच हुए।
वहीं बीवीएम ऊधम सिंह नगर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जिसमें प्री नर्सरी से लेकर छठी कक्षा के विद्यार्थी शामिल हुए। वहीं इस दौरान टीचर एजुकेशन पर सेमिनार भी करवाया गया। शाम चार से सात बजे तक कक्षा आठवीं से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने लोक गीतों व लोक नृत्य की प्रस्तुति दी। इससे पहले एलुमनी की परफॉर्मेस भी हुई। स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान सबसे अधिक चर्चा में रही मॉक पार्लियामेंट। इसमें विद्यार्थियों ने शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपनी बात रखी।
विद्यार्थियों ने सजा, शिक्षा के व्यापारीकरण, पाठ्यक्रम रिवीजन की जरूरत, शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव और अनपढ़ता को समाप्त करने पर चर्चा की गई। इस मॉक पार्लियामेंट में शासित पक्ष तथा विरोधी पक्ष दोनों ने पूरे जोश से अपने-अपने पक्ष सामने रखे। इस सेशन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। युवा ही देश को तरक्की की राह पर ले जा सकते हैं: श्वेत मलिक
श्वेत मलिक ने मॉक पार्लियामेंट में विद्यार्थियों के तर्को की खूब सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के युवा देश में हो रही हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। राजनीति में भी रुचि ले रहे हैं। यह देश के लिए शुभ संकेत है, क्योंकि जागरूक युवा ही देश को तरक्की की राह पर ले जा सकते हैं। उन्होंने अध्यापकों से अपील की कि वह विद्यार्थियों से मिलकर अपने प्रयत्नों द्वारा समाज से बुराइयों को दूर करें।