फैक्ट्री में घुसे नकाबपोश, लाखों के पार्ट्स व कॉपर से लदा थ्री-व्हीलर चोरी
ढंडारी कलां की एक फैक्ट्री में घुसे चार नकाबपोश बदमाश अंदर खड़ा थ्री-व्हीलर चोरी करके ले गए। उसमें लाखों रुपये की कीमत के स्पेयर पार्ट्स, निकल, और कॉपर लदा हुआ था।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : ढंडारी कलां की एक फैक्ट्री में घुसे चार नकाबपोश बदमाश अंदर खड़ा थ्री-व्हीलर चोरी करके ले गए। उसमें लाखों रुपये की कीमत के स्पेयर पार्ट्स, निकल, और कॉपर लदा हुआ था। सूचना मिलने पर पहुंची थाना साहनेवाल पुलिस ने अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया है। एएसआइ सोहन सिंह ने बताया कि उक्त केस चंडीगढ़ रोड के सेक्टर 38 निवासी सतीश कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि ढंडारी कलां की संत लोंगोवाल कॉलोनी में नितिन ऑटो इंडस्ट्रीज के नाम से उसकी फैक्ट्री है, जिसमें निकल प्लेटिंग का काम होता है।
12 सितंबर की रात 9 बजे वो फैक्ट्री से घर चला गया। फैक्ट्री के वर्कर अंदर छत पर सो रहे थे। फैक्ट्री के अंदर एक थ्री-व्हीलर खड़ा था, जिसमें 17 क्विंटल ऑटो पार्ट्स, तीन क्विंटल निकल, 90 किलो कॉपर तथा एक एलसीडी थी। रात के समय लेबर ने उस थ्री-व्हीलर को तिरपाल से ढंका था। सुबह उठे लेबर मोहम्मद गुड्डू ने देखा कि तिरपाल एक तरफ पड़ा थी और थ्री-व्हीलर चोरी हो चुका था। सोहन सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि तड़के सवा तीन बजे गेट फांद कर चार नकाबपोश उक्त थ्री-व्हीलर चोरी करके ले गए।
फैक्ट्री के ताले तोड़ सामान चोरी
फोकल प्वाइंट इलाके में एक फैक्ट्री के ताले तोड़ अज्ञात लोगों ने सामान चोरी कर लिया। फैक्ट्री मालिक ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने भाई रणधीर सिंह नगर निवासी साहिल सेठी की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश करनी शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता साहिल सेठी के मुताबिक फैक्ट्री बंद करने के बाद घर आ गया था। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने फैक्ट्री पर धावा बोल दिया। आरोपितों ने फैक्ट्री के अंदर से कापर, निकल, कपड़ा और अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।