लुधियाना में लाखों का सोना पहनकर निकले युवक का दोस्त ने साथियों संग किया अपहरण, हत्या कर छप्पर में फेंका शव; तीन गिरफ्तार
लुधियाना में दोस्त मिक्की आहूजा ने साथियों संग मिलकर पंकज अरोड़ा का अपहरण कर हत्या कर दी।

लुधियाना में आभूषण के लिए दोस्तों ने युवक की हत्या की (फोटो- प्रतीकात्मक, जागरण आर्काइव)
HighLights
दोस्त मिक्की आहूजा ने पंकज अरोड़ा का अपहरण कर हत्या की
लाखों के सोने के आभूषणों के लिए वारदात को अंजाम दिया गया
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर शव बरामद किया
गगनदीप रत्न, लुधियाना। लाखों रुपये के सोने के आभूषण पहनकर घर से निकले युवक पंकज अरोड़ा की उसके ही परिचित दोस्त ने साथियों के साथ मिलकर अपहरण करने के बाद हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपितों ने शव को एक छप्पर में फेंक दिया।
थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपित मिक्की आहूजा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से पूछताछ के दौरान हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस टीम उनकी निशानदेही पर शव बरामद करने के लिए मौके पर पहुंची।
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपितों की पहचान मिक्की आहूजा, अजय सिंह और शिवा के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों की पूछताछ में आरोपितों ने पंकज का अपहरण करने के बाद उसकी हत्या करने और शव छप्पर में फेंकने की बात कबूल की है।
पुलिस अब मामले में हत्या की धाराएं जोड़ने के साथ शव बरामद करने और वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
25 नवंबर की शाम दोस्त मिक्की से मिलने निकला था पंकज
मृतक के साले रोहित मनचंदा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 नवंबर की शाम करीब 6:46 बजे उसका जीजा पंकज अरोड़ा पुत्र जीवन कुमार एक्टिवा पर सवार होकर अपने परिचित मिक्की आहूजा से मिलने घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की।
इस दौरान पंकज की एक्टिवा मन्ना सिंह नगर की झुग्गियों के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली। इसके बाद परिवार को उसके अपहरण की आशंका हुई और पुलिस को शिकायत दी गई।
8 तोले की चेन, 5 तोले का कड़ा और पांच अंगूठियां पहनी थीं
शिकायतकर्ता के मुताबिक, घर से निकलते समय पंकज ने सोने के काफी आभूषण पहने हुए थे। इनमें करीब 8 तोले की सोने की चेन, 5 तोले का सोने का कड़ा और पांच सोने की अंगूठियां शामिल थीं।
रोहित ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि मिक्की आहूजा ने अपने साथी शिवा, सचिन, अजय और तीन-चार अज्ञात लोगों के साथ मिलकर पंकज को जान से मारने की नीयत से अगवा किया है।
पुलिस अब आरोपितों की निशानदेही पर शव बरामद करने के साथ पंकज के पहने हुए सोने के आभूषणों की रिकवरी करने में जुटी है।
वहीं, मामले में नामजद फरार आरोपित सचिन और तीन-चार अज्ञात साथियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या की वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया और इसमें अन्य कौन-कौन शामिल थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।