तीन जगह स्मॉग बनी कॉल, दो जगह तेजरफ्तारी, चार की छीनी जिंदगी
शहर और आसपास हुए सड़क हादसों ने रविवार को चार जिदगियां छीन ली।
जासं, लुधियाना : शहर और आसपास हुए सड़क हादसों ने रविवार को चार जिदगियां छीन ली। आठ अन्य लोग घायल भी हुए हैं। तीन हादसे सुबह स्मॉग के कारण हुए, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और सात घायल हुए हैं। दो हादसे दोपहर और शाम को हुए हैं, जिसमें एक बच्चे व एक महिला की मौत हो गई है। सुबह हुए हादसे में श्रद्धालु छठ पूजा से वापस लौट रहे थे और स्मॉग के कारण वाहनों की चपेट में आ गए। दोपहर के समय हुए हादसे में हंबड़ां रोड पर रेत के भरे टिप्पर ने मां बेटे को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें बच्चे की मौत हो गई। शाम के समय हुए हादसे में बस की चपेट में आने से महिला की मौत हो गई है। हादसा नंबर एक - तड़के चार बजे
छठ पूजा कर लौट रहे दो बाइक सवारों को वाहन ने मारी टक्कर, दोनों की मौके पर मौत
लाडोवाल में सतलुज से छठ पूजा कर दो मोटरसाइकिल सवारों को वाहन ने चपेट में ले लिया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वह तड़के चार बजे सतलुज तट से छठ पूजा कर लौट रहे थे। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आशंका है कि सुबह की स्मॉग के कारण यह हादसा हुआ है। टिब्बा रोड पर स्थित फैक्ट्री में काम करने वाला रितिक जीतू और उसका दोस्त नंदू शनिवार की रात को अपने दोस्तों के साथ सतलुज दरिया पर छठ पूजा के लिए गए थे। पूजा करने के बाद दोनों एक मोटरसाइकिल पर तड़के चार बजे टिब्बा रोड स्थित अपने घर आ रहे थे। हार्डीज वर्ल्ड के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहां से गुजर रहे लोगों के जरिए दोनों के जानकारों को पता लगा तो वे छठ पूजा से मौके पर पहुंचे। जांच अधिकारी एएसआइ जगदेव सिंह के अनुसार टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक कर वाहन के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है। हादसा नंबर दो- सुबह करीब छह बजे ऑटो स्टार्ट करते वाहन में फंसी शर्ट, घसीटते ले गया चालक, मौत
जालंधर रोड पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से ऑटो चालक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन उसे अपने साथ करीब सौ मीटर तक घसीटते ले गया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार गिल रोड का निवासी ननकी राम ऑटो चलाता था। वह सुबह छह बजे सवारियों को लेने के लिए लाडोवाल टोल प्लाजा के पास छठ पूजा स्थल पर जा रहा था। इसी दौरान तलवंडी कट के पास उसका ऑटो बंद हो गया। वह ऑटो स्टार्ट करने के लिए रस्सी डालकर खींच रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन आया। तब ड्राइवर को शायद स्मॉग की वजह से ऑटो चालक नहीं दिखा और अचानक उसके वाहन की साइड में ऑटो चालक की शर्ट फंस गई। बताया जा रहा है कि वह वाहन चालक उसे करीब सौ मीटर दूर तक घसीटता हुआ ले गया। बताया जा रहा है कि उसकी शर्ट फटने से वह सड़क पर गिर गया और उसकी मौत हो गई। आसपास के लोग इकट्ठा हुए और उसके शव को सिविल अस्पताल पहुंचाया। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसा नंबर तीन - सुबह सात बजे
छठ पूजा कर लौट रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पलटी, सात घायल
गोबिदगढ़ के पास पिकअप पलटने से छह श्रद्धालुओं की पिकअप पलट गई और सात श्रद्धालु घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। साहनेवाल के नजदीक के गोबिदगढ़ एरिया की गली नंबर दो में एक वेहड़े में रहते 16 लोग दोराहा में छठ पूजा कर लौट रहे थे। जैसे ही वह गोबिदगढ़ के पास पहुंचे तो पिकअप गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी पलट गई। इन 16 श्रद्धालुओं में से प्रमोद (25 साल), संदीप (17), पिकी देवी (35), पीयूष (11), गाड़ी का ड्राइवर नितिन, अंजलि (6), फूल (4), हरमनजीत (10) घायल हुए हैं। उन्हें सिविल अस्पताल लुधियाना दाखिल करवाया गया है। इनमें से ड्राइवर नितिन के सिर में चोट है और बाकी के मामूली चोटें आई हैं। हादसा नंबर चार - दोपहर 2.30 बजे टिप्पर ने मां-बेटे को चपेट में लिया, बच्चे की मौत
हंबड़ा रोड प्रतापपुरा के नजदीक तेज रफ्तार टिप्पर ने मां-बेटे को चपेट में ले लिया। इससे मां गंभीर घायल हो गई और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई है। टिप्पर चालक ने एक कार को भी नुकसान पहुंचाया। प्रतापपुरा की रहने वाली महिला 27 वर्षीय सुनैना देवी बेटे आशीष कुमार के साथ कोठी पर काम करने के लिए साइकिल पर जा रही थी। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टिप्पर ने साइकिल और कार को चपेट में ले लिया। इस हादसे में साइकिल सवार मां को गंभीर चोटें पहुंची जबकि तीन वर्षीय आशीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। चालक टिप्पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। थाना पीएयू पुलिस ने बच्चे के शव को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और महिला का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। फिलहाल थाना पीएयू की पुलिस द्वारा मृतक बच्चे के पिता अनिल कुमार के बयानों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि अनिल की पांच साल पहले शादी हुई थी और आशीष उनका इकलौता बेटा है। हादसा नंबर पांच - शाम 5.30 बजे
बस की चपेट में आने से एक्टिवा सवार महिला की मौत
बस्ती जोधेवाल में एक्टिवा पर रिश्तेदार के जा रही महिला की हादसे में मौत हो गई। वह अपने दो बच्चों व पति के साथ एक्टिवा पर जा रही थी। थाना दरेसी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। एसएचओ विजय कुमार के अनुसार रविवार शाम गोबिदगढ़ का निवासी नरिदर कुमार अपने दोनों बच्चों व पत्नी फूलवंती के साथ जालंधर बाईपास की तरफ अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने पीछे से जोरदार टक्कर मारी दी और महिला एक्टिवा से गिर गई। सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई और चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने महिला के शव को सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। मृतका के पति के बयानों पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।