विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हलवारा एयरपोर्ट: मार्च के अंत से शुरू होंगी उड़ानें, CM भगवंत मान ने की पुष्टि

Published: Sun, 08 Mar 2026 09:52 AM (IST)

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने घोषणा की है कि लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट से नियमित उड़ानें मार्च के अंत तक शुरू ...और पढ़ें

हलवारा एयरपोर्ट: मार्च के अंत से फ्लाइट भरेगी उड़ान: सीएम मान। फाइल फोटो

हलवारा एयरपोर्ट: मार्च के अंत से फ्लाइट भरेगी उड़ान: सीएम मान। फाइल फोटो

HighLights

  1. मार्च अंत तक हलवारा एयरपोर्ट से उड़ानें होंगी शुरू

  2. एयरपोर्ट का नाम शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर

  3. उद्योग, व्यापार और छात्रों को मिलेगा बड़ा लाभ

जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब के लुधियाना और आसपास के जिले के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को लुधियाना दौरे के दौरान स्पष्ट कर दिया कि हलवारा एयरपोर्ट से नियमित उड़ानें इसी महीने के अंत तक शुरू हो जाएंगी।

सीएम ने कहा कि इस संबंध में उनकी हाल ही में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरा रापु से बातचीत हुई है। हालांकि बातचीत का मुख्य विषय ईरान-इजरायल युद्ध के कारण खाड़ी देशों में फंसे पंजाबी युवाओं की वापसी को लेकर था, लेकिन इसी दौरान हलवारा एयरपोर्ट से फ्लाइट शुरू करने पर भी चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिलाया कि मार्च के अंत तक यहां से उड़ानें शुरू कर दी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि हलवारा एयरपोर्ट का नाम महान क्रांतिकारी शहीद करतार सिंह सराभा के नाम पर रखा जाएगा। इसके लिए पंजाब सरकार की ओर से जल्द ही केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट का कोड एचडब्ल्यूआर विभिन्न एयरलाइन पोर्टल और साइट्स पर दिखना भी शुरू हो गया है।

एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए करीब 50 सुरक्षा कर्मी तैनात किए जा चुके हैं। एअर इंडिया की दो फ्लाइट्स के आने-जाने का समय भी तय कर लिया गया है और पिछले महीने चार बार सफल ट्रायल रन किए जा चुके हैं, जिनमें दिल्ली और उदयपुर से विमान लैंड कर चुके हैं।

दरअसल, करीब छह साल के लंबे इंतजार के बाद लुधियाना के हलवारा में बने इस नए एयरपोर्ट का उद्घाटन एक फरवरी को किया गया था। शहर के उद्योगपतियों और आम लोगों की यह पुरानी मांग थी। एयरपोर्ट शुरू होने के बाद लुधियाना के उद्योग और कारोबार को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कारोबारियों को होगा बड़ा फायदा

हलवारा एयरपोर्ट शुरू होने से आयात-निर्यात से जुड़े कारोबारियों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी तक यदि किसी कारोबारी को अपने उत्पादों के सैंपल देश या विदेश भेजने होते थे तो उन्हें चंडीगढ़ एयरपोर्ट का सहारा लेना पड़ता था। इसके लिए कर्मचारियों को विशेष तौर पर वहां भेजना पड़ता था, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ जाते थे।

अब हलवारा एयरपोर्ट से कार्गो सुविधा शुरू होने के बाद सैंपल और उत्पाद कम समय में देश-विदेश तक भेजे जा सकेंगे। इससे न केवल कारोबारियों का खर्च कम होगा, बल्कि उनके व्यापार को भी नई रफ्तार मिलेगी।

बिजनेस डेलीगेट्स के लिए आसान होगा सफर

लुधियाना को देश का प्रमुख औद्योगिक हब माना जाता है, लेकिन यहां एयरपोर्ट की सुविधा न होने के कारण बिजनेस डेलीगेट्स को आने-जाने में परेशानी होती थी। साहनेवाल एयरपोर्ट लंबे समय से बंद है, ऐसे में उन्हें सड़क या रेल मार्ग का सहारा लेना पड़ता था।

हलवारा एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद देश-विदेश से आने वाले बिजनेस प्रतिनिधियों के लिए लुधियाना पहुंचना आसान हो जाएगा, जिससे शहर के उद्योग और व्यापार को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

विदेश में पढ़ रहे छात्रों को भी राहत

लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों के लगभग पांच से छह लाख छात्र विभिन्न देशों में पढ़ाई कर रहे हैं। अभी उन्हें घर आने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट उतरना पड़ता है और वहां से सड़क या रेल मार्ग से लुधियाना पहुंचना पड़ता है, जिसमें करीब छह घंटे अतिरिक्त लग जाते हैं। हलवारा एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने के बाद छात्रों को सीधी और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा और वे कम समय में अपने घर पहुंच सकेंगे।

एयरपोर्ट पर मिलेंगी ये सुविधाएं

- 150 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, जरूरत पड़ने पर क्षमता 300 तक बढ़ाई जा सकेगी
- लगभग 100 गाड़ियों के लिए पार्किंग सुविधा
- एक लगेज कैरोसेल, भविष्य में दो तक बढ़ाने की योजना
- हैंगर में दो विमानों को खड़ा करने की सुविधा
- यात्रियों के लिए खाने-पीने के स्टाल