अदालत में फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट देकर ली प्रोटेक्शन, केस दर्ज
अदालत में फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट व अन्य दस्तावेज पेश करके प्रोटेक्शन लेने के आरोप में थाना डिवीजन नंबर सात पुलिस ने दंपती के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
जासं, लुधियाना : अदालत में फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट व अन्य दस्तावेज पेश करके प्रोटेक्शन लेने के आरोप में थाना डिवीजन नंबर सात पुलिस ने दंपती के खिलाफ केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है। एएसआइ तरसेम सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान जमालपुर स्थित पुलिस क्वार्टर निवासी सुमन रानी तथा गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने सुमन के पिता हवलदार अरुण कुमार की शिकायत पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया। अपने बयान में उसने बताया कि वो अदालत में नायब कोर्ट तैनात है। उसी कॉलोनी में रहने वाला तेजा सिंह भी नायब कोर्ट में था, जो रिटायर्ड हो चुका है। आरोपित गुरप्रीत सिंह उसका बेटा है। गुरप्रीत व सुमन ने अदालत में दायर की याचिका में बताया कि दोनों ने 25 अप्रैल 2018 को राजीव गांधी कॉलोनी स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शादी करा ली है। दोनों जमालपुर की पुलिस कॉलोनी के क्वार्टर नंबर 91 में रहते हैं। उसके आधार पर दोनों ने अदालत से प्रोटेक्शन मांगी। मगर जांच में पाया गया कि राजीव गांधी कॉलोनी में उस नाम का कोई मंदिर नहीं है। पुलिस कॉलोनी के क्वार्टर नंबर 91 में सिपाही अरुण दीप सिंह रहता है। मैरिज सर्टिफिकेट पर सुमन के दस्तखत फर्जी हैं। उन सभी तथ्यों को आधार मानते हुए अदालत ने दोनों के खिलाफ अदालत को गुमराह करने के आरोप में धोखाधड़ी का पर्चा दर्ज करने के आदेश जारी कर दिए।
अरुण कुमार ने बताया कि उसकी बेटी घर से जाते हुए 9 तोले सोने के जेवर और 60 हजार रुपये ले गई। जिसके संबंध में उसने पुलिस को शिकायत दे रखी है। पुलिस उसकी जांच कर रही है।