कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. अमर सिंह के बैनर पोस्टर फाड़े
रायकोट में तलवंडी गेट में सियासी दफ्तर में अज्ञात युवक ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अमर सिंह के प्रचार को तैयार कराई चुनावी सामग्री को तहस नहस कर दिया। अज्ञात युवक दुकान में उपर से घुसा और केवल चुनावी सामग्री को ही बर्बाद किया। इसके अलावा दुकान में रखे अन्य सामान को नहीं छेड़ा।
जेएनएन, रायकोट :
शहर के तलवंडी गेट में खुले चुनाव कार्यालय में अज्ञात युवक ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अमर सिंह के प्रचार को तैयार कराई चुनावी सामग्री को नष्ट कर दिया। बताया जा रहा है कि अज्ञात युवक दुकान में ऊपर से घुसा और केवल चुनावी सामग्री को ही बर्बाद किया। कांग्रेसियों का तर्क है कि यह सियासी रंजिश के चलते हुआ है।
मामले के अनुसार हलका रायकोट के एनआरआइ सेल के प्रधान राजेश जैन के दफ्तर में किसी शरारती व्यक्ति ने तोड़फोड़ की। राजेश जैन की तलवंडी गेट के पास अरिहंत डिपार्टमेंटल स्टोर नामक एक मशहूर दुकान है। इसी में इन्होंने अपना चुनाव कार्यालय भी बनाया हुआ है। वीरवार की रात कोई व्यक्ति दुकान के ऊपर से अंदर दाखिल हुआ और दुकान में तोड़फोड़ की। हैरानी की बात तो यह है की दुकान में से एक नए पैसे की चोरी भी नहीं हुई, पर चुनावों में उपयोग होने वाली डॉक्टर अमर सिंह की चुनाव सामग्री पूरी तरह से तहस-नहस कर दी गई। राजेश जैन जब शुक्रवार सुबह दुकान पर पहुंचे तो उन्होंने देखा की चुनाव सामग्री फटी और बिखरी पड़ी है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना रायकोट पुलिस स्टेशन को दी। डॉक्टर अमर सिंह ने भी सिटी इंचार्ज सतनाम सिंह को इस मामले की तह तक जाने का अनुरोध किया।
मौके पर सिटी इंचार्ज सतनाम सिंह ने तफ्तीश की और इसकी रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। दुकान के मालिक राजेश जैन ने कहा कि यह किसी की सियासी रंजिश के तहत शरारत हो सकती है। पर वे बिना डरे डॉक्टर अमर सिंह की जीत के लिए प्रयास करते रहेंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप