घर के बिगड़े हालात तो भगवान से हुआ नाराज, शराबी ने मंदिर में जमकर मचाया उत्पात
आरोपित राज मिस्त्री का काम करता है। उसकी भोलेनाथ में बेहद आस्था थी। मगर अपने घर के खराब होते हालात को लेकर वो भगवान से नाराज था।
लुधियाना, जेएनएन। अपने घर के बिगड़े हालात पर भगवान से नाराज हुए शराबी ने मंदिर में जमकर उत्पात मचाया। उसने मंदिर के अंदर घुसकर तोड़फोड़ की। शिवलिंग को भी खंडित कर दिया। उस पर विराजमान शेषनाग को उतार कर एक तरफ फेंक दिया और फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची थाना जमालपुर पुलिस ने उसके खिलाफ धार्मिक भावानाओं काे आहत करने के आरोप में केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
एएसआई स्वर्ण चंद ने बताया कि आरोपित की पहचान ताजपुर इनक्लेव गली नंबर-1 निवासी दिनेश कुमार के रूप में हुई। उक्त केस ताजपुर इनक्लेव निवासी चंदन कुमार की शिकायत पर दर्ज किया गया। अपने बयान में उसने बताया कि उसके मोहल्ले में शिव भोलेनाथ का एक मंदिर है। जिसमें स्थापित शिवलिंग के ऊपर तांबे की धातु का शेषनाम विराजमान है। 31 जुलाई की रात आरोपित शराब के नशे में वहां पहुंचा। आते ही उसने मंदिर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। लोगों के जमा होने पर वह फरार हो गया।
स्वर्ण चंद ने बताया कि जांच में पता चला है कि आरोपित राज मिस्त्री का काम करता है। उसकी भोलेनाथ में बेहद आस्था थी। मंदिर निर्माण में उसने भी हाथ बंटाया था। मगर अपने घर के खराब होते हालात को लेकर वो भगवान से नाराज था। घटना वाली शाम उसने शराब पीकर मंदिर में तोड़फोड़ की। बहरहाल, उसकी तलाश की जा रही है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें