देर रात तक हंगामा, पुलिस ने बहाल करवाई बिजली सप्लाई
गर्मी और उमस के मौसम में दोराहा शहर में बिजली के अघोषित कटों से लोग परेशान हैं। देर रात भी बिजली बंद होना आम बात हो गई है।
जेएनएन, दोराहा : गर्मी और उमस के मौसम में दोराहा शहर में बिजली के अघोषित कटों से लोग परेशान हैं। देर रात भी बिजली बंद होना आम बात हो गई है। शुक्रवार रात भी अचानक बिजली गुल हो गई। परेशान लोगों ने बिजली विभाग को शिकायत दी। बिजली कर्मियों ने अलग-अलग मोहल्लों की बिजली सप्लाई बंद कर फाल्ट चेक करना शुरू किया। सतनाम नगर में फाल्ट होने से वहां की बिजली सप्लाई बंद कर बाकी शहर में सप्लाई बहाल कर दी। इससे सतनाम नगर के लोग भड़क गए और उन्होंने खुद ही अपने इलाके की बिजली सप्लाई चालू कर दी। इससे फिर शहर की बिजली गुल हो गई। बाद में पुलिस को मामले में हस्तक्षेप कर शहर की सप्लाई शुरू करवानी पड़ी।
बिजली कर्मी टोनी ने पुलिस को बताया कि सतनाम नगर की सप्लाई में खराबी थी, जिससे पूरा शहर बंद हो रहा था। इसलिए सतनाम नगर की बिजली बंद कर बाकी शहर की सप्लाई चालू कर दी। मगर सतनाम नगर के लोगों ने खुद ही आकर अपने इलाके की बिजली सप्लाई बहाल कर दी। इस कारण शहर में दोबारा बिजली बंद हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सतनाम नगर के लोगों ने उन्हें शहर की बिजली सप्लाई बहाल नहीं करने दी और ड्यूटी करने से भी रोका।
इस संबंध में सतनाम नगर के लोगों ने बताया कि इलाके की बिजली सप्लाई की समस्या लंबे समय से चली आ रही है। विभाग कोई सुनवाई नहीं कर रहा। उन्होंने बिजली कर्मियों की ड्यूटी में बाधा डालने से इन्कार किया। बाद में पुलिस ने लोगों को घर वापस भेजकर शहर की बिजली सप्लाई चालू करवाई।