लुधियाना में घरेलू गैस की कालाबाजारी, ढाबों-रेहड़ियों पर हो रहा इस्तेमाल
लुधियाना में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी बढ़ गई है, जहां होटल और ढाबे व्यावसायिक उपयोग के लिए इनका इस्तेमाल कर रहे हैं।
-1795108981111_m.webp)
घरेलू गैस की कालाबाजारी कर ढाबों और रेहड़ियों पर हो रहा इस्तेमाल।
HighLights
घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग होटल-ढाबों पर।
कालाबाजारी से आम उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलने में देरी।
शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई न होने का आरोप।
विजय मौर्य, लुधियाना। महानगर में घरेलू गैस सिलिंडरों की कालाबाजारी की शिकायतें सामने आ रही हैं। आरोप है कि कामर्शियल सिलिंडरों की जगह होटल, ढाबों और खाद्य पदार्थों की रेहड़ियों पर घरेलू गैस का उपयोग किया जा रहा है। इससे घरेलू गैस की मांग और आपूर्ति का संतुलन प्रभावित हो रहा है और आम उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहा।
बस स्टैंड, ढंडारी, शेरपुर, गिल रोड, पक्खोवाल रोड, माडल टाउन की ट्यूशन मार्केट, सलेम टाबरी और हैबोवाल समेत शहर के कई इलाकों में घरेलू सिलिंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की शिकायतें हैं। जानकारी के मुताबिक, 969 रुपये कीमत वाला घरेलू सिलिंडर कालाबाजारी के जरिए दो हजार से 2500 रुपये तक में बेचे जाने की शिकायत है।
होटल और ढाबा संचालक कामर्शियल सिलिंडरों की निर्धारित कीमत और उपलब्धता से बचने के लिए घरेलू सिलिंडरों का सहारा ले रहे हैं। फास्ट फूड बेचने वाली कई रेहड़ियों पर भी इनका इस्तेमाल हो रहा है।
डिलीवरी में देरी का बहाना बना बेचे जाते हैं सिलिंडर
शिकायतों के अनुसार, बुक किए गए सिलिंडर की डिलीवरी में देरी या तकनीकी दिक्कत का बहाना बनाकर कुछ सिलिंडर दूसरे लोगों तक पहुंचाए जाते हैं। उपभोक्ताओं से कहा जाता है कि उनका सिलिंडर अभी नहीं पहुंचा है। बाद में ये सिलिंडर होटल, ढाबों और रेहड़ी संचालकों को ऊंचे दामों पर बेच दिए जाते हैं। रीफिलिंग के जरिए भी कालाबाजारी किए जाने की शिकायतें हैं।
आम लोगों पर पड़ रहा असर, नहीं हो रही कार्रवाई
सिलिंडर की देरी पर इसका असर आम परिवारों पर पड़ रहा है। समय पर बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को डिलीवरी के लिए इंतजार करना पड़ता है। सिलिंडर खत्म होने पर कुछ परिवारों को पड़ोसियों से गैस मांगनी पड़ती है या दूसरा इंतजाम करना पड़ता है। कामकाजी परिवारों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों वाले घरों को अधिक परेशानी होती है।
कुछ लोग मजबूरी में महंगे दामों पर सिलिंडर खरीदते हैं। अलग-अलग इलाकों से व्यावसायिक इस्तेमाल और ऊंचे दामों पर बिक्री की शिकायतों के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप है। कभी कार्रवाई होती भी है तो वह न के बराबर बताई जाती है।
जांच अभियान चलाकर की जाती है कार्रवाई: सरताज सिंह
जिला खाद्य आपूर्ति कंट्रोलर सरताज सिंह ने बताया कि विभाग समय-समय पर जांच अभियान चलाकर घरेलू सिलिंडरों के अवैध इस्तेमाल और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करता है। जांच के दौरान पहले भी अवैध रूप से इस्तेमाल हो रहे सिलिंडर जब्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि होटल, ढाबों और रेहड़ियों पर घरेलू सिलिंडरों का इस्तेमाल जारी होने की जानकारी मिलने पर जांच और कार्रवाई तेज की जाएगी।
रोहित सभ्रवाल ने डीएफएसओ की शिकायत की
आरटीआई एक्टिविस्ट रोहित सभ्रवाल ने जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के सहायक अधिकारी (डीएफएसओ) के खिलाफ मुख्यमंत्री, चीफ सेक्रेटरी और विभाग के डायरेक्टर को पत्र भेजकर शिकायत की है। उनका आरोप है कि अधिकारी रायकोट के हैं, जबकि उनकी ड्यूटी लुधियाना में है और वे रोजाना आना-जाना करते हैं। इससे वे अपना दायित्व ठीक से नहीं निभा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।