भाजपा नेताओं के खिलाफ मानहानि का केस करेगी जिला कांग्रेस
वीरवार को भाजपा नेताओं ने इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में जांच कर आरोप लगाए थे कि राशन बांटने में गबन हो रहा है और यहां पर राशन छिपाकर रखा है।
लुधियाना, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ जिला कांग्रेस और स्कूल मालिक की ओर से अदालत में मानहानि का केस किया जाएगा। इसके अलावा पुलिस में शिकायत भी दी जाएगी। दरअसल, वीरवार को भाजपा नेताओं ने इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में जांच कर आरोप लगाए थे कि राशन बांटने में गबन हो रहा है और यहां पर राशन छिपाकर रखा है। इस पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा और स्कूल मालिक बलविंदर सिंह संधू ने केस दर्ज करवाने का एलान कर कहा, सुर्खियों में आने के लिए भाजपा निम्न स्तर की राजनीति कर रही है।
शर्मा ने कहा कि कुछ करने की बजाये भाजपाई सरकार के कार्यो में रोड़ा बन रहे हैं। घटिया स्तर की राजनीति कर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। जिलाध्यक्ष के अनुसार यह सब कुछ विधानसभा चुनाव के लिए किया जा रहा है। पार्षद पति और स्कूल के मालिक बलविंदर संधू ने पूरी सच्चाई से अवगत करवा दिया था और रिकॉर्ड चेक करने को कहा था मगर फिर भी वह (भाजपाई) बिना जांच किए हल्ला कर चले गए। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीन बंसल ने निजी स्कूल में बिना इजाजत घुसकर राशन की थैलियों को नुकसान पहुंचाया।
वहीं स्कूल मालिक और कांग्रेस नेता बलविंदर संधू ने कहा कि भाजपा नेताओं द्वारा ऐसा कर उनकी साख को खराब किया है। बार बार कहने पर भी नेताओं ने रिकॉर्ड चेक नहीं किया बल्कि सोशल मीडिया पर लाइव होकर आरोप लगाते रहे जबकि उनके साथ जांच अधिकारी या खाद्य आपूर्ति विभाग का अधिकारी नहीं था। इसके चलते वह अदालत जाएंगे और मानहानि का केस किया जाएगा।
यह अनाज सरकार द्वारा लोगों के लिए भेजा गया है और जांच के लिए ही वहां गया था। कोई जोर जबरदस्ती नहीं की। स्कूल मुखी और कांग्रेस नेता वहां पर ही मौजूद थे। अगर फिर भी कांग्रेस के नेता कार्रवाई करवाना चाहते हैं तो तैयार हूं।
प्रवीन बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी