विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना में बर्थडे पार्टी में विवाद, कुलचे-छोले वाले के बेटे की गोली मारकर हत्या

Published: Thu, 22 Oct 2026 11:40 PM (IST)

लुधियाना की तलवार कॉलोनी में जन्मदिन पार्टी के दौरान विवाद में मशहूर पंडित कुलचे-छोले वाले के बेटे राहुल शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

जन्मदिन पार्टी में विवाद के बाद लुधियाना में कुलचे-छोले वाले के बेटे की गोली मारकर हत्या।

जन्मदिन पार्टी में विवाद के बाद लुधियाना में कुलचे-छोले वाले के बेटे की गोली मारकर हत्या।

HighLights

  1. लुधियाना में जन्मदिन पार्टी में राहुल शर्मा की गोली मारकर हत्या

  2. विवाद केक काटने के दौरान शुरू हुआ, छाती में लगी गोली

  3. आठ लोगों पर हत्या का मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

जागरण संवाददाता, लुधियाना। पक्खोवाल रोड स्थित तलवार कालोनी में बुधवार देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए विवाद में स्मीट्री रोड के मशहूर पंडित कुलचे-छोले वाले के बेटे राहुल शर्मा (34) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। राहुल अपने दोस्त अखिल जोशी के घर आयोजित पार्टी में शामिल होने गया था।

शुरुआती जांच के अनुसार, केक काटने के दौरान कुछ युवकों से उसकी कहासुनी हुई, जिसके बाद गोली चल गई। छाती में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल राहुल को डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिवार के बयान के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

नामजद आरोपितों में अखिल जोशी, परमराज और गगनदीप शामिल हैं। अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है। घटना के बाद अस्पताल से आरोपितों के फरार होने की बात सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए सीआइए और थाना सदर की टीमों सहित चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

केक काटने के दौरान बढ़ा विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बुधवार रात करीब 11:45 बजे तलवार कालोनी स्थित अखिल जोशी के घर की छत पर बने रूफटाप पर जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। वहां करीब आठ से दस युवक मौजूद थे। केक काटने के दौरान राहुल की कुछ युवकों से बहस हो गई।

विवाद बढ़ने के बाद गोली चलने से राहुल नीचे गिर पड़ा और पार्टी में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद पार्टी में मौजूद कुछ युवक राहुल को डीएमसी अस्पताल लेकर पहुंचे। इनमें अखिल, परमिंदर और गगन भी शामिल थे। राहुल के साले अंकित शर्मा को फोन कर घटना की जानकारी दी गई। अंकित जब कैब से अस्पताल पहुंचा तो राहुल का शव मोर्चरी में भेजा जा चुका था।

गगनदीप की रिवाल्वर से गोली चलने का दावा

घटना के बाद अखिल जोशी ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा। उसने बताया कि जन्मदिन पर गगनदीप, परमिंदर, राहुल और अन्य दोस्त उसके घर डिनर के लिए आए थे। सभी साथ बैठे थे, तभी अचानक गोली चलने की आवाज आई और राहुल नीचे गिर गया।

गगनदीप ने पूछने पर बताया कि वह अपनी रिवाल्वर निकालकर टेबल पर रख रहा था, तभी अचानक गोली चल गई और राहुल को लग गई। अखिल ने दावा किया कि वह गगनदीप और परमिंदर के साथ राहुल को अस्पताल लेकर गया और उसके परिवार को सूचना दी। अखिल ने यह भी कहा कि वह सुबह पांच बजे तक राहुल के परिवार के सदस्यों के साथ अस्पताल में मौजूद था। वहां कुछ लोगों को यह कहते सुना कि वे भी उन्हें ऐसे ही मारेंगे।

इस बात से घबराकर वह और परमिंदर अस्पताल से चले गए। अखिल ने फरार होने के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि वे डर के कारण वहां से निकले थे। उसने घटना पर दुख जताते हुए राहुल के परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की।

परिवार का आरोप-योजना के तहत बुलाया गया था राहुल

राहुल के परिवार ने आशंका जताई है कि उसे योजना के तहत पार्टी में बुलाया गया था। परिवार के अनुसार, राहुल गगनदीप को सीधे तौर पर नहीं जानता था और उसकी मुलाकात अखिल के माध्यम से हुई थी। घटना स्थल पर सीसीटीवी कैमरा नहीं होने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा, चर्चा है कि गगनदीप और राहुल के बीच नई फ्रेंचाइजी खोलने को लेकर विवाद हुआ था।

हालांकि, इस दावे की अभी पुष्टि नहीं हुई है। डीसीपी (सिटी) आलम विजय सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी पुरानी रंजिश की बात सामने नहीं आई है। पुलिस फिलहाल घटना को अचानक हुए विवाद के बाद हुई वारदात मानकर जांच कर रही है।

इकलौता बेटा था राहुल, तीन साल पहले हुई थी शादी

राहुल शर्मा अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके साले अंकित शर्मा के अनुसार, राहुल की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी और दंपती की कोई संतान नहीं थी। राहुल के पिता कुलदीप शर्मा स्मीट्री रोड पर कुलचे-छोले की दुकान चलाते हैं। कुछ साल पहले उन्होंने राहुल के लिए कॉलेज रोड पर भी कुलचे-छोले की दुकान खुलवाई थी।

इसके साथ ही राहुल रियल एस्टेट के कारोबार से भी जुड़ा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू सहित कई लोग राहुल के परिवार के प्रति संवेदना जताने पहुंचे। वहीं, वारदात को लेकर कई राजनीतिक नेताओं ने इंटरनेट मीडिया पर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।

स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद, पुलिस जांच में जुटी

थाना सदर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 27, 54 व 59 के तहत मामला दर्ज किया है। राहुल की स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

डीसीपी ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगाई गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल गोली चलने की वास्तविक परिस्थितियों, कथित विवाद के कारण और आरोपितों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।

ये चर्चाएं भी, जिनकी पुष्टि नहीं

घटना के बाद यह चर्चा भी है कि आरोपित गगनदीप, जो माडल टाउन स्थित चाय सुट्टा बार रेस्टोरेंट का पार्टनर है, की राहुल से नई फ्रेंचाइजी खोलने को लेकर किसी बात पर बहस हुई थी। इसके बाद मामला बढ़ा और गोली चलाई गई। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

जहां फायरिंग हुई, वहां कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था। परिवार का आरोप है कि राहुल को योजना के तहत वहां बुलाया गया था। परिवार के मुताबिक, जिस गगन की पिस्टल से फायरिंग हुई, राहुल उसे सीधे तौर पर नहीं जानता था। वह अखिल के जरिए ही उससे मिला था।