मोगा के बधनी कलां नहर से मिला दिव्यांग का शव
दो अक्टूबर की रात 20 हजार रुपये के लिए हत्या कर नहर में फेंके गए दिव्यांग का शव शनिवार मोगा के गांव बधनी कलां स्थित नहर से बरामद हो गया।
जासं, लुधियाना : दो अक्टूबर की रात
20 हजार रुपये के लिए हत्या कर नहर में फेंके गए दिव्यांग का शव शनिवार मोगा के गांव बधनी कलां स्थित नहर से बरामद हो गया। मोगा पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। थाना डाबा पुलिस रविवार शव को लुधियाना लाकर उसका पोस्टमार्टम कराएगी। इसके साथ ही शव का डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा।
थाना डाबा प्रभारी पवित्र सिंह ने बताया कि इससे पहले 19 अक्टूबर को पुलिस ने कैंड नहर से एक शव बरामद किया था। मृतक के पारिवारिक सदस्यों ने शव चरणजीत सिंह का होने का दावा किया था। मगर उसके पोस्टमार्टम के बाद जब डीएनए टेस्ट कराया गया तो वो किसी महिला का निकला। इसके बाद उस शव को वापस थाना डेहलों पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया था, जिसका पुलिस नें अंतिम संस्कार कराया था।
भाना प्रभारी ने कहा कि शनिवार सुबह मोगा पुलिस ने शव मिलने की सूचना दी। इस मामले में बसंत नगर निवासी वीरम सिंह उर्फ बिट्टू और सिमरन सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया था। उनका रिमांड खत्म होने के कारण शनिवार फिर से अदालत में पेश किया गया। जहां से एक और दिन का रिमांड हासिल किया गया है। मामले में वीरम सिंह के भाई गुरदित सिंह तथा दुपिदर सिंह की पुलिस को तलाश है।
बता दें कि आरोपितों ने लोहारा के ज्ञान चंद नगर की गली नंबर 6 निवासी चरणजीत सिंह की हत्या कर दी थी। पुलिस ने डाबा के गुरु नानक नगर निवासी उसके भाई बलजीत सिंह की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पूछताछ की तो आरोपितों ने कबूल किया कि उन लोगों ने चाकू मार चरणजीत हत्या करने के बाद शव नहर में फेंक दिया था।