लुधियाना में देर रात कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, दो लाेग गंभीर घायल
घायलों को राहगीरों ने सिविल अस्पताल में पहुंचाया जहां साइकिल सवार व्यक्ति ने दम तोड़ दिया था। वहीं बाइक सवार युवक की हालत गंभीर होने के चलते उसके परिवारिक सदस्यों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
लुधियाना, जेएनएन। शहर में जवद्दी के इलाके में मंगलवार की देर रात एक तेज़ रफ़्तार अज्ञात कार ने सड़क पर से गुजर रहे एक बाइक सवार तथा एक साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार चालक मौके से फरार हो गया।
घायलों को राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की सहायता से सिविल अस्पताल में पहुंचाया, जहां साइकिल सवार व्यक्ति ने दम तोड़ दिया था। वहीं बाइक सवार युवक की हालत गंभीर होने के चलते उसके परिवारिक सदस्यों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वहीं सिविल अस्पताल में मृतक व्यक्ति की पहचान नहीं होने के चलते उसे 72 घंटो के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घायल युवक की पहचान शिमलापुरी के इलाके जीतू मार्किट के रहने वाले 20 वर्षीय संदीप सिंह के रूप में हुई। अस्पताल में घायल युवक के परिजनों ने बताया कि वह मंगलवार की देर रात अपने काम से वापस लौट रहा था। जहां रास्ते मे वह हादसे का शिकार हो गया। वहीं अस्पताल प्रशासन की तरफ से मामले की सूचना थाना दुगरी की पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।