लुधियाना में एक ही परिवार के 7 सदस्य काेराेना पाजिटिव, अमेरिका व कनाडा से आए थे छुट्टियां मनाने
कनाडा में रहने वाला परिवार लुधियाना पहुंचा था। उसके तीन दिन बाद अमेरिका और फिर बेंगलुरु में रहने वाला परिवार लुधियाना पहुंचे। तीनों परिवार एक ही घर में रह रहे थे। शनिवार को पाजिटिव मिले चार अन्य लोगों में से दो किचलू नगर के रहने वाले हैं।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। जिले में शनिवार को सात लोग कोरोना पाजिटिव मिले हैं। इनमें तीन लोग अमेरिका व कनाडा से लौटे चार एनआरआइज के रिश्तेदार हैं। यह वही एनआरआइज हैं जो तीन दिन पहले कोरोना पाजिटिव पाए गए थे। यह सभी लोग दुगरी फेस दो के पास स्थित बसंत विहार में रह रहे थे। एनआरआइ के तीनों रिश्तेदार बेंगलुरु में रहते हैं। इनमें बच्चा और महिला भी शामिल हैं। यह सभी लोग सर्दियों की छुट्टियों के लिए लुधियाना में अपने अभिभावकों के पास आए हैं।
करीब 15 दिन पहले कनाडा में रहने वाला परिवार लुधियाना पहुंचा। उसके तीन दिन बाद अमेरिका और फिर बेंगलुरु में रहने वाला परिवार लुधियाना पहुंचे। तीनों परिवार एक ही घर में रह रहे थे। करीब चार दिन पहले अमेरिका व कनाडा से लौटे एनआरआइ को कोरोना के लक्षण महसूस हुए। टेस्ट करवाने पर वह पाजिटिव पाए गए। इसके बाद शुक्रवार को बेंगलुरु से आए परिवार के सदस्यों के सैंपल लिए गए। परिवार के कुल 11 में से चार सदस्यों की रिपोर्ट नेगेटिव है। सात पाजिटिव हैं। शनिवार को पाजिटिव मिले चार अन्य लोगों में से दो किचलू नगर के रहने वाले हैं। दो लोग अन्य क्षेत्रों से हैं। किचलू नगर को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। कोरोना के मामलों में पिछले तीन चार दिन से मामूली वृद्धि देखने को मिली है। दूसरे सप्ताह तक पाजिटिविटी दर 0.04 प्रतिशत थी जो अब बढ़कर 0.29 प्रतिशत हो गई है।
दुगरी फेस दो का बसंत विहार बनाया जाएगा कंटेनमेंट जोन
सिविल सर्जन डा. एसपी सिंह का कहना है कि कांट्रैक्ट ट्रेसिंग में सामने आया है कि सर्दियों की छुट्यिों में यह लोग आपस में मिलने के लिए इकट्ठा हुए थे। परिवार के 11 सदस्य बसंत बिहार में तीन मंजिला मकान में रह रहे थे। अभी यह पता नहीं चला है कि यह कोरोना की चपेट में कहां आए हैं। पाजिटिव सदस्यों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। सभी लोगों ने बताया कि जब से वह आए हैं घर से बाहर नहीं गए हैं। पड़ोस में रहने वाले लोगों से इस बारे में पड़ताल की जाएगी। इस इलाके को कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। सातों पाजिटिव सदस्यों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेज दिए हैं।