निगम ने शेरपुर मार्केट से हटाई रेहड़ियां, वेंडरों ने किया प्रदर्शन
शेरपुर मार्केट में सड़क पर लगने वाली रेहड़ियों को नगर निगम ने सोमवार को उठवा दिया।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : शेरपुर मार्केट में सड़क पर लगने वाली रेहड़ियों को नगर निगम ने सोमवार को उठवा दिया। इस दौरान निगम की टीम ने करीब 150 रेहड़ियां उठाई। निगम की इस कार्रवाई के खिलाफ रेहड़ी वालों ने प्रदर्शन व जमकर नारेबाजी की। वेंडरों ने नगर निगम अफसरों को चेतावनी दी है कि अगर उनकी रेहड़ियां वापस नहीं की गई और इस तरह उनकी रेहड़ियां उठानी बंद नहीं की तो वह नगर निगम जोन बी का घेराव करेंगे। रेहड़ी वालों का आरोप है कि शेरपुर मार्केट में कुछ लोग उनसे अवैध वसूली करते हैं। पिछले तीन महीने से रेहड़ी वालों ने उन्हें पैसे देने बंद किया तो अब उन्होंने निगम को शिकायत देकर उनकी रेहड़ियां उठवा दीं। प्रदर्शन करने वालों में पिटू कुमार, चिटू कुमार, आरती देवी, कृष्ण मोहन, संजय, प्रभु, राम शंकर, पारस, मुन्ना, लक्खा, मेराज व अन्य शामिल थे।