स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग के लिए शुरू किया सर्वे, आठ सवाल याद करवा रहा निगम Ludhiana News
सर्वे टीम शहर में आए उससे पहले निगम शरहवासियों को आठ सवाल और उनके उत्तर याद करवा रहा है। ताकि सर्वे के दौरान स्वच्छता रैंकिंग में शहर को अच्छे अंक हासिल हो सकें।
लुधियाना, जेएनएन। स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर को अच्छी रैंकिंग दिलाना चाहते हैं तो इसमें शहरवासियों को भी अहम भागेदारी निभानी होगी। केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय की तरफ से आने वाली सर्वे टीम शहर में आकर लोगों से आठ सवाल पूछेगी और उनके जवाब लेगी। जवाब के आधार पर शहर की मार्किंग करेगी।
सर्वे टीम शहर में आए उससे पहले निगम शरहवासियों को आठ सवाल और उनके उत्तर याद करवा रहा है। ताकि सर्वे के दौरान सही फीडबैक टीम को मिले और स्वच्छता रैंकिंग में शहर को अच्छे अंक हासिल हो सकें। नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण में जाने वाले पब्लिक फीडबैक को सकारात्मक करने के लिए टीमें फील्ड में उतारनी शुरू कर दी। स्वच्छता सर्वेक्षण के दूसरे क्वार्टर में शहर की रैंकिंग में सुधार होने के बाद निगम अधिकारी उत्साहित हैं। जिसके बाद निगम अफसरों ने अब पूरा फोकस पब्लिक फीडबैक पर कर दिया है।
इसके तहत लोगों को इस सर्वे में हिस्सा लेने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। सर्वे में पूछे जाने वाले आठ सवालों के जवाब लोगों को समझाए जा रहे हैं। इसके अलावा अगर लोग खुद इस सर्वे का हिस्सा बनना चाहते हैं तो वह स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 की वेबसाइट पर जाकर भी अपना फीडबैक दे सकते हैं। जितने ज्यादा लोग फीडबैक देंगे रैंकिंग में शहर को उतने ज्यादा अंक मिलेंगे।
निगम कमिश्नर ने चारों जोनों के जोनल कमिश्नरों व हेल्थ ब्रांच के अफसरों को हिदायतें जारी कर दी हैं कि स्वच्छता सर्वेक्षण में पब्लिक फीड बैक में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें। जो लोग अपने स्तर पर सर्वे में हिस्सा लेना चाहते हैं वह 31 जनवरी तक वेबसाइट पर फीडबैक दे सकते हैं। इसके अलावा केंद्रीय टीम अपने हिसाब से शहर के अलग अलग इलाकों में जाकर भी लोगों से फीडबैक लेगी।
यह होंगे आठ सवाल
- क्या आपका शहर स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में हिस्सा ले रहा है?
- क्या आप शहर की सफाई व्यवस्था पर दस में से कितने अंक देंगे?
- क्या पब्लिक प्लेस और कॉमर्शियल प्लेस की सफाई पर दस में से कितने अंक देंगे?
- क्या कूड़ा सेग्रीगेशन के लिए कहा गया है? इसके तीन ऑप्शन दिए जाएंगे जिसमें से हां रोज बताया जाता है। कभी कभी बताया जाता है। नहीं बताया गया।
- शहर की सड़कों के डिवाइडरों पर आपको पौधे दिखते हैं? इसके भी तीन ऑप्शन हैं सभी सड़कों पर, कुछ सड़कों पर और कहीं भी नहीं।
- क्या शहर के सार्वजनिक शौचालयों की सफाई से संतुष्ट हैं? दस में से कितने अंक देंगे।
- क्या आप जानते हैं आपका शहर खुले में शौचमुक्त है? इसमें चार आप्शन दिए जाएंगे, हां, हां और सर्टिफिकेट भी है, नहीं और मुझे नहीं मालूम।
- शहर को कूड़ा प्रबंधन पर कितने स्टोर देंगे? इसके एक से दस तक स्टार रेटिंग है।
कूड़ा सेग्रीगेशन के लिए भी कर रहे जागरूक
स्वच्छता सर्वेक्षण में इस बार सबसे ज्यादा फोकस कूड़ा सेग्रीगेशन पर होगा। कूड़ा सेग्रीगेशन में अभी शहर में काफी काम होना बाकी है। ऐसे में नगर निगम के लिए यह बड़ी चुनौती है। इसलिए निगम ने आजकल कूड़ा सेग्रीगेशन के प्रति भी लोगों को जागरूक करना शुरू कर दिया। निगम की जो टीमें लोगों को फीडबैक देने के लिए तैयार कर रही हैं। वही टीमें उन्हें कूड़ा सेग्रीगेशन के बारे में भी बता रही हैं। दुकानदारों को भी कूड़ा प्रबंधन के बारे में जानकारी दे रहे हैं।
पब्लिक फीड बैक का अहम रोल है। लोग पब्लिक फीडबैक एक्टिविटी में जरूर हिस्सा लें और वेबसाइट पर जाकर फीडबैक दें। सर्वेक्षण की टीमें जब शहर में आएंगी उन्हें भी फीडबैक देकर शहर की रैकिंग बढ़ाने में सहयोग करें। वहीं हमारी टीमें भी रैंकिंग सुधार के लिए दिन रात काम कर रही हैं।
-नीरज जैन, इंचार्ज हेल्थ ब्रांच व जोनल कमिश्नर जोन सी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें