राहुुल बोले- पित्राेदा को फोन कर कहा आपको शर्म आनी चाहिए, 84 दंगे के बयान पर माफी मांगें
1984 सिख विरोधी दंगों के मामलेे पर सैम पित्रोदा द्वारा की गई टिप्पणी को राहुल गांधी ने गलत बताया। कहा कि पित्रोदा को ऐसी टिप्पणी पर शर्म आनी चाहिए और देश माफी मांगनी चाहिए।
जेएनएन, खन्ना/होशियारपुर। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 1984 के दंगों के मामले में सैम पित्राेदा के बयान पर मचे बवाल का सोमवार को जवाब दिया। उन्होंने पंजाब के खन्ना में चुनावी रैली में राहुल गांधी ने 1984 सिख विरोधी दंगों का मामला उठाया। उन्होंने इस मामले पर सैम पित्रोदा द्वारा की गई टिप्पणी को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा, पित्रोदा ने 1984 के दंगे पर जो कुछ कहा वह गलत था। मैंने फोन कर उनको कहा कि आपको ऐसी टिप्पणी पर शर्म आनी चाहिए। आपको ऐसी टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए।
बता दें, पीएम मोदी व अन्य विरोधी दल दंगों को लेकर दिए पित्रोदा के बयान पर कांग्रेस को लगातार घेर रहे थे। पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर बरसे। कहा कि पांच साल पहले मोदी जी पीएम बने। तीन चार बड़े वादे किए, लेकिन एक भी वादे को पूरा नहीं किया। मोदी ने बेरोजगारी मिटाने का वादा किया था, लेकिन रोजगार वालों को भी बेरोजगार बना दिया। 56 इंच का सीने वाला कहता था सभी के खाते में 15 लाख आएंगे, लेकिन यह वादा भी पूरा नहीं हुआ। राहुल ने कहा कि नोटबंदी अगर काले धन के खिलाफ लड़ाई थी तो गरीब लाइन में क्यों दिखे।
राहुल गांधी ने सोमवार को खन्ना व होशियारपुर में चुनावी रैली को संबोधित किया। खन्ना में रैली के बाद वह होशियारपुर के रोशन ग्राउंड में भी पार्टी प्रत्याशी डॉ. राज कुमार के पक्ष में चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा की गरीबों के स्तर ऊंचा उठाने के लिए उन्होंने अर्थशास्त्रियों को बुलाया और न्याय स्कीम बनाई। कहा मोदी ने लाखों करोड़ रुपया अडानी, अंबानी जैसे कुछ उद्योगपतियों को दिया, लेकिन कांग्रेस सरकार गरीब के खाते में पैसे डालेगी।
न्याय योजना गरीबी के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने निर्णय लिया कि लाखों करोड़ रुपया 5 करोड़ महिलाओं के खाते में जाएगा और यह न्याय योजना के तहत हो पाएगा। कांग्रेस सरकार में आई तो गरीबोंं की जिंदगी बदल जाएगी। न्याय योजना गरीबोंं के लिए बहुत उपयोगी होगी। इसके तहत हर वर्ष गरीबों के खाते में 72 हजार रुपये आएंगे। राहुल ने कहा कि न्याय योजना गरीबी के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक है। यह सिर्फ गरीबों के उत्थान के लिए नहीं, बल्कि हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था को चालू करने की योजना है। राहुल ने कहा कि उनकी सरकार आने पर मनरेगा के तहत अभी तक मजदूरों को 100 दिन काम मिलता है। उसे बढ़ाकर 150 दिन किया जाएगा।
मोदी ने की अर्थव्यवस्था को नष्ट
राहुल ने कहा कि नोटबंदी के बाद मोदी ने गरीबों व छोटे व्यापारियों की जेब से पैसा निकाला और अनिल अंबानी की जेब में पैसा डाल दिया, जबकि भारत की अर्थव्यवस्था इससे पूरी तरह से नष्ट हो गई। इससे बेरोजगारी पैदा हो गई। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 22 लाख सरकारी नौकरियां खाली पड़ी हैं। 10 लाख युवाओं को पंचायतों में रोजगार मिलेगा, लेकिन पंचायत व्यवस्था को तो नरेंद्र मोदी की सरकार ने चौपट करके रख दिया।
मध्य प्रदेश में पूर्व सीएम शिवराज के परिवार का भी हुआ कर्ज माफ
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कहती है कि कांग्रेस ने किसानों के कर्ज नहीं माफ किए हैं। किसानों के कर्ज के साथ-साथ कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार के भी कर्ज माफ किए हैं। इसका प्रूफ भी दिया है। राहुल ने कहा कि पंजाब हरित क्रांति का केंद्र रहा है। किसान देश को भोजन देता है। जहां भी हमारी सरकार बनी, वहां किसानों का कर्ज माफ किया गया। जो वादा किया उसे पूरा किया गया। हमने किसानों का कर्ज माफ करके दिखाया। यूपीए के समय एमएसपी बढ़ती रहती थी। मोदी ने फसलों का सही दाम नहीं दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार आने पर देश का कोई किसान कर्जा न लौटने के लिए जेल में नहीं डाला जाएगा। प्रधानमंत्री देश का मालिक नहीं होता, बल्कि यहां का किसान, मजदूर, महिलाएं देश के मालिक होते हैं। राहुल ने कहा कि मोदी ने रेलवे बजट बंद किया, लेकिन हम रेल बजट के साथ-साथ किसान के लिए भी अलग से बजट पेश करेंगे। बजट में किसान को बता देंगे किया उसे क्या मिलेगा।
मुझे 15 मिनट डिवेट नहीं कर सकते मोदी
राहुल ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और देश की सुरक्षा की बात करते हैं। मैं दावा करता हूं। प्रधानमंत्री जहां चाहें और जिस विषय पर चाहें, मुझे डिवेट कर लें। 15 मिनट नहीं रुक पाएंगे। कहा कि मोदी संसद में राफेल के मुद्दे पर मुझे आंख नहीं मिला पाते थे।
कांग्रेस का मुख्य मुद्दा रोजगार
रैली को संबोधित करते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस घोषणा पत्र में किए गए वादों को एक-एक कर पूरा किया जा रहा है। कांग्रेस का मुख्य मुद्दा रोजगार है। राज्य में चार जॉब फेयर लगा चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह एक महकमा बनाने जा रहे हैं, जो विदेश जाने वाले बच्चों की मदद करेगा। कैप्टन ने कहा कि मंडी गोबिंदगढ़ में 600 इंडस्ट्री थी, जो अकाली राज में 18 रह गई थी। कांग्रेस सरकार आने के बाद अब नई इंडस्ट्री पॉलिसी के चलते नई इंडस्ट्री भी आ रही हैं।
कैप्टन बोले सेकुलर सिस्टम तोड़ना चाहते हैं मोदी
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जात-पात की राजनीति करके देश के सेकुलर सिस्टम को तोड़ना चाहता है। देश को इसे बचाने की जरूरत है, क्योंकि यह देश का भविष्य बनाने का चुनाव है। मुख्यमंत्री ने भी अपने भाषण में सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी को ही निशाने पर रखा। कैप्टन ने कहा कि मोदी को क्या पता है कि सेना क्या होती है। मोदी ने सेना में कौन सी नौकरी की है। मैंने सेना में नौकरी की है। मुझे अच्छी तरह से पता है सेना क्या होती है। मैंने सन् 1965 की लड़ाई भी लड़ी है। राहुल गांधी की तरफ इशारा करते हुए कैप्टन ने कहा कि कंडी इलाका फौजियों का बेल्ट है।
राहुल के आने से पहले ही कांग्रेस के विधायक और अन्य नेता यहां पहुंच चुके थे। खन्ना में मंच पर पार्टी प्रत्याशी डॉ. अमर सिंह, पूर्व मंत्री तेज प्रकाश सिंह कोटली, प्रचार कमेटी के चेयरमैन लाल सिंह, सांसद प्रताप सिंह बाजवा, विधायकों में लखवीर सिंह लक्खा, अमरीक सिंह ढिल्लो, कुलजीत सिंह नागरा, सुरजीत सिंह धीमान, गुरप्रीत सिंह जीपी, काका रणदीप सिंह के अलावा सतविंदर बिट्टी भी मौजूद रहे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप