Move to Jagran APP

लुधियाना की रैली में गरजे सीएम चन्नी, बाेले-कैप्टन अमरिंदर भाजपा के साथ मिलकर देख रहे सत्ता के सपने

Punjab Assembly Election पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया और अब पंजाब की दुश्मन भाजपा के साथ मिलकर सत्ता के सपने देखने लगे हैं।

By Vipin KumarEdited By: Published: Thu, 09 Dec 2021 04:37 PM (IST)Updated: Thu, 09 Dec 2021 08:34 PM (IST)
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सीएम अमरिंदर पर साधा निशाना। (जागरण)

जागरण संवाददाता, पायल (लुधियाना)। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया और अब पंजाब की दुश्मन भाजपा के साथ मिलकर सत्ता के सपने देखने लगे हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुखबीर बादल लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं। अकाली, भाजपा और कैप्टन अमरिंदर एक हैं और उनके बीच पक्का समझौता है। मुख्यमंत्री वीरवार को पायल की दाना मंडी में रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अकाली दल ने पंजाब के लोगों को लूटने के सिवा कुछ नहीं किया।

loksabha election banner

सीएम ने कहा कि श्री गुरुग्रंथ साहिब की बेअदबी का केस सही तरीके से किया जा रहा है और दोषियों को किसी हाल में नहीं बख्शा जाएगा। प्रदेश में नशे का कारोबार करने वालों को भी नहीं छोड़ा जाएगा। आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर कटाक्ष करते हुए चन्नी ने कहा कि पंजाब को शामलाट समझ दिल्ली वाले यहां कब्जा करने की कोशिश में हैं, लेकिन उनके मंसूबों को पूरा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब पंजाबियों का है और यहां राज भी पंजाबी करेंगे। बाहरी लोगों को राज करने नहीं दिया जाएगा। केजरीवाल पंजाब में आकर बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं, लेकिन सच यह है कि उन्हें पंजाब के बारे कुछ नहीं पता। न ही उन्हें यहां की समस्याएं पता है।

रैली को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि पंजाब की बदलती तस्वीर नजर आ रही है। जब तक लोग संतुष्ट नहीं हो जाते, तब तक सरकार शांत नहीं बैठेगी। विधायक लखबीर लक्खा ने इलाके के क्षेत्र के विकास के लिए पूरा काम किया है और आगे भी करते रहेंगे। रैली को कैबिनेट मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली, सांसद अमर सिंह, विधायक लखबीर सिंह लक्खा ने संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक राकेश पांडे, अमरीक सिंह ढिल्लों व जिला परिषद चेयरमैन यादविंदर सिंह जंडाली भी उपस्थित थे।

रैली में मुख्यमंत्री ने की घोषणाएं

  •  दोराहा के सीवरेज के लिए दिए 13 करोड़
  • पायल और मलौद के विकास के लिए 2-2 करोड़
  •  सिविल अस्पताल पायल में पोस्टमार्टम की सुविधा
  • गंदे पानी के विकास के लिए 40 लाख रुपये
  • पायल बीजा सड़क का मरम्मत कार्य जल्द
  •  पायल मंडी के शेड के लिए ग्रांट जारी
  • अहमदगढ़ से चंडीगढ़ वाया पायल व चिंतपूर्णी तक बस रूट बहाल

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.